वाराणसी, 17.07.2026। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के हिन्दी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. प्रियंका सोनकर तथा हिन्दी विभाग के पोस्टडॉक्टरल फेलो एवं चर्चित युवा कवि डॉ. विहाग वैभव ने 5 से 12 जुलाई, 2026 तक डेनमार्क के यूनिवर्सिटी ऑफ आरहूस में आयोजित एक सप्ताह की European Modern Hindi Translation Workshop में सहभागिता कर विश्वविद्यालय का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया।
विश्व के विभिन्न देशों से आए विद्वानों, अनुवादकों और अध्यापकों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य आधुनिक हिन्दी साहित्य को यूरोपीय एवं अन्य विश्व भाषाओं में अनूदित कर उसकी वैश्विक पहुँच का विस्तार करना था। कार्यशाला के दौरान हिन्दी साहित्य की अनेक महत्वपूर्ण कृतियों के अनुवाद पर गहन मंथन किया गया।
कार्यशाला में बीएचयू हिन्दी विभाग के पोस्टडॉक्टरल फेलो एवं युवा कवि डॉ. विहाग वैभव के चर्चित कविता-संग्रह ‘मोर्चे पर विदा गीत’ की कविताओं के अनुवाद पर विशेष रूप से कार्य हुआ। ‘लेखक से मिलिए’ सत्र में उनकी कविताओं की भाषिक संरचना, सांस्कृतिक संदर्भों और विभिन्न भाषाओं में अनुवाद की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। दूसरे दिन डॉ. विहाग वैभव ने अपना आत्मवक्तव्य प्रस्तुत करते हुए अपनी रचनात्मक यात्रा और समकालीन हिन्दी कविता की वैचारिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में स्वीडन के उप्साला विश्वविद्यालय से प्रो. हैंस वेसलर, पोलैंड से प्रो. मोनिका, स्विट्ज़रलैंड से प्रो. निकोला सहित यूरोप के अनेक विश्वविद्यालयों के विद्वानों ने सहभागिता की। बहुभाषिक और बहुसांस्कृतिक वातावरण में हुए संवाद ने हिन्दी साहित्य के अंतरराष्ट्रीय अनुवाद और वैश्विक पाठकीयता के नए आयाम उद्घाटित किए।
कार्यशाला का संयोजन हिन्दी के प्रतिष्ठित अध्येता प्रो. विवेक कुमार शुक्ला ने किया। उनके नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल अनुवाद की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक चुनौतियों पर सार्थक विमर्श का अवसर प्रदान किया, बल्कि विभिन्न देशों के विद्वानों के बीच हिन्दी साहित्य के प्रति सहयोग, संवाद और सांस्कृतिक सेतु निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह सहभागिता काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति तथा हिन्दी भाषा और साहित्य के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।








Users Today : 4
Users Yesterday : 68