राजकीय अस्पताल में हमेशा बंद रहने वाला दिव्यांग दवा काउंटर अब नियमित रूप से खुलेगा
वाराणसी। राजकीय अस्पताल रामनगर में दिव्यांगजनों की सुविधा और सहूलियत के लिए बनाया गया विशेष दवा काउंटर लंबे समय से बंद पड़ा था। काउंटर के बंद रहने के कारण दिव्यांग मरीजों को सामान्य दवा काउंटर की लंबी और भीड़भरी कतार में खड़े होकर दवा लेने के लिए मजबूर होना पड़ता था।

इससे बुजुर्ग एवं अधिक जरूरत वाले दिव्यांगजनों को विशेष रूप से काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार हो रही इस परेशानी से क्षुब्ध रामनगर निवासी डंडा गुरु ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य दिव्यांग बोर्ड के सलाहकार एवं दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयोजक उत्तम ओझा जी से संपर्क किया और अस्पताल में दिव्यांग दवा काउंटर बंद होने की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलते ही उत्तम ओझा जी के निर्देश पर दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक बीर भद्रा सिंह सहित अन्य लोग तत्काल राजकीय अस्पताल रामनगर पहुंचे। वहां उन्होंने अस्पताल प्रशासन से वार्ता की और दिव्यांगजनों की समस्या को सामने रखते हुए सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर विशेष दवा काउंटर को तत्काल खोलने तथा इसे नियमित रूप से संचालित करने की मांग की। बताया गया कि शुरुआत में अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले में टालमटोल की गई और काउंटर खोलने से साफ इनकार कर दिया गया। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। जब सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में धरना देने की तैयारी शुरू की, तब प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लिया गया। काफी जद्दोजहद और बातचीत के बाद आखिरकार अस्पताल प्रशासन ने दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए विशेष दवा काउंटर को खोल दिया। इस पहल से अस्पताल आने वाले दिव्यांग मरीजों को अब सामान्य काउंटर की भीड़ और लंबी कतार से राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयोजक उत्तम ओझा जी ने कहा, “दिव्यांगजन हमारी सरकार की प्राथमिकता हैं। दिव्यांगजनों को सम्मानजनक एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। उनकी सुविधा और अधिकारों के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से मिलना चाहिए तथा इसके लिए संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। अब राजकीय अस्पताल रामनगर में दिव्यांगजनों के लिए बनाया गया दवा काउंटर नियमित रूप से खुला रहेगा। इससे अस्पताल में दवा लेने आने वाले दिव्यांग मरीजों को लंबी कतार और भीड़ से राहत मिलेगी तथा उन्हें अधिक सुविधाजनक एवं सम्मानजनक तरीके से स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो सकेगी। दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक बीर भद्रा सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए किसी भी विशेष काउंटर का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब वह वास्तव में जरूरतमंद लोगों के लिए नियमित रूप से उपलब्ध हो। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से अपील की कि काउंटर का संचालन आगे भी नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि दिव्यांग मरीजों को दोबारा परेशानी का सामना न करना पड़े।







Users Today : 15
Users Yesterday : 69