नाग पंचमी और सावन के तीसरे सोमवार पर त्रिलोचन महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब, 7 वर्षों से जारी है पूर्व सैनिक नवीन सिंह का 24 घंटे का भंडारा

जौनपुर। सावन के पवित्र महीने में सोमवार और नाग पंचमी के विशेष संयोग पर त्रिलोचन महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भगवान शिव के दर्शन-पूजन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु और कांवरिया मंदिर पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। ग्राम सभा छतारी निवासी एवं पूर्व सैनिक नवीन सिंह द्वारा पिछले सात वर्षों से लगातार कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे का विशाल भंडारा चलाया जा रहा है। आज भी भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवरियों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
पूर्व सैनिक नवीन सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कई वर्षों से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सेना में तैनाती के दौरान उन्होंने अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़े-बड़े भंडारों का आयोजन देखा था। वहीं से उनके मन में अपने क्षेत्र में भी इसी तरह सेवा करने का विचार आया।
नवीन सिंह ने बताया कि सावन के दौरान विशेषकर रविवार की रात कांवरियों को भोजन मिलने में काफी परेशानी होती थी। श्रद्धालुओं की इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास 24 घंटे का भंडारा शुरू किया, जो लगातार सात वर्षों से जारी है।
आयोजकों के अनुसार हर वर्ष भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। पिछले वर्ष करीब 40 से 45 हजार श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया था। इस वर्ष भी सावन के दौरान बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण भंडारा लगातार जारी है।
नवीन सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल भोजन कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और सेवा की भावना मजबूत होती है। भंडारे में बिना किसी भेदभाव के श्रद्धालुओं को भोजन कराया जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग स्वयंसेवा में भी जुटे हुए हैं।
त्रिलोचन महादेव मंदिर के व्यवस्थापक रविशंकर गिरी ने बताया कि त्रिलोचन महादेव मंदिर का उल्लेख काशी खंड में मिलता है। इसके साथ ही स्कंद पुराण में भी त्रिलोचन महादेव मंदिर के बारे में वर्णन किया गया है। सावन के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष आस्था रहती है और सोमवार तथा नाग पंचमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भंडारे के आयोजन को सफल बनाने में सोनम कंस्ट्रक्शन के ओनर नवीन सिंह, रोहित सिंह, अभिषेक सिंह रघुवंशी, नीरज सेठ, आशु सिंह, चन्द्रेश्वर सिंह, अभिषेक सिंह, मनीष सिंह सहित सैकड़ों लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
नाग पंचमी और सावन के तीसरे सोमवार पर जहां त्रिलोचन महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा, वहीं सात वर्षों से चल रहा यह 24 घंटे का भंडारा श्रद्धालुओं के लिए सेवा, भक्ति और सामाजिक समरसता की मिसाल बना हुआ है।







Users Today : 8
Users Yesterday : 69