एफएलएन प्रशिक्षण में बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने पर जोर
नौगढ़ (चंदौली)। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) नौगढ़ में सोमवार को पांच दिवसीय एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) प्रशिक्षण का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कनौजिया ने किया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को बच्चों में मूलभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान विकसित करने के साथ ही नवीन शिक्षण तकनीकों और प्रभावी शिक्षण विधियों की जानकारी दी जा रही है।
एफएलएन का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं के बच्चों में पढ़ने, लिखने, समझने तथा बुनियादी गणितीय अवधारणाओं को मजबूत करना है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों की आयु एवं कक्षा के अनुरूप गतिविधि आधारित शिक्षण, भाषा कौशल, पढ़ने की समझ, लेखन क्षमता तथा संख्याज्ञान को विकसित करने की विधियों से परिचित कराया जाएगा। साथ ही बच्चों के सीखने के स्तर के अनुसार शिक्षण कार्य करने पर भी जोर दिया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कनौजिया ने कहा कि शासन की मंशा है कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक समय-समय पर नवीन तकनीक एवं शिक्षण विधियों से अपडेट होते रहें। एफएलएन के माध्यम से बच्चों की बुनियादी शैक्षिक नींव मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण को विद्यार्थी की तरह सीखने की भावना से ग्रहण करने का आह्वान किया। कहा कि प्रशिक्षण में मिली जानकारी को कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू कर बच्चों की सीखने की क्षमता को बढ़ाएं और उन्हें भविष्य का बेहतर नागरिक बनाने में योगदान दें।
प्रशिक्षण का संचालन एआरपी संजीव सिंह और अशोक कुमार ने किया। संदर्भदाता संजय कुमार तथा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुशील सिंह ने प्रशिक्षण में सहयोग किया। इस दौरान धर्मेंद्र सिंह, आलोक कुमार तिवारी, लाल बहादुर, रमेश सिंह यादव, विवाह श्रीवास्तव समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।








Users Today : 2
Users Yesterday : 133