श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

राजातालाब। श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में प्रकाश में आए दूसरे आरोपी रामसहाय चौबे को राजातालाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।18 अगस्त को श्रेया उपाध्याय (22 वर्ष) निवासी मरुई, थाना राजातालाब लापता हुई थी और 20अगस्त को उसका शव थाना रोहनिया क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में बरामद हुआ था, जिसके संबंध में थाना राजातालाब पर मु.अ.सं. 157/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना के अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर थाना राजातालाब और एसओजी की चार टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 24 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुनीत मिश्रा (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसी क्रम में 27 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर थाना राजातालाब पुलिस ने वांछित आरोपी रामसहाय चौबे पुत्र स्व. मंगला प्रसाद चौबे, निवासी नियारडीह, थाना चोलापुर, उम्र 65 वर्ष को जमुआ तिराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। विवेचना में सामने आया कि रामसहाय अपने पुत्र विवेक चौबे उर्फ निखिल से श्रेया की शादी कराना चाहता था, परिजनों द्वारा इंकार करने और अन्यत्र शादी तय करने से नाराज था। उसने धमकी दी थी कि “श्रेया यदि धरती पर रहेगी तो मेरी बहू बनकर रहेगी।” पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दयाराम, उ.नि. आनंद कुमार पांडेय, उ.नि. रामविलास यादव, का. मन्तोष शाह, रि.का. सुधाकर और हे.का. चालक सुनील कुमार सिंह शामिल रहे।








Users Today : 75
Users Yesterday : 107