सामने घाट पुल पर महिला से चेन छिनैती, रामनगर पुलिस ने दो लुटेरों को दबोचा; लूटी गई चेन बरामद
वाराणसी। रामनगर पुलिस ने चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीनी गई पीली धातु की चेन भी बरामद की है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से शहर में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और मौका पाकर चेन व पर्स छीनकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को एक महिला ने थाना रामनगर में लिखित शिकायत दी कि दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने सामने घाट पुल पर ई-रिक्शा से जाते समय उसके गले से चेन छीन ली और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर रामनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जंगल में छिपकर रात होने का कर रहे थे इंतजार
घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान जानकारी मिली कि चेन छीनने के बाद दोनों बाइक सवार बदमाश बंधा रोड की तरफ भागे हैं। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पवन दुबे (31) निवासी रघुनाथपुर, थाना फूलपुर और गौरव तिवारी (22) निवासी गोगवा, पोस्ट रैसीपुर, थाना जंसा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से महिला से छीनी गई चेन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान काफी लोगों ने उन्हें देख लिया था। पकड़े जाने के डर से दोनों जंगल में छिपकर रात होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
शहर में घूमकर महिलाओं को बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे इसी मोटरसाइकिल से शहर में घूमते थे और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से चेन या हाथ में रखा पर्स छीनकर भाग जाते थे। लूटा हुआ सामान बेचकर मिलने वाले रुपये दोनों आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गौरव तिवारी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कपसेठी में चोरी और चोरी का माल रखने समेत विभिन्न धाराओं में वर्ष 2023 में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
21:15 बजे हुई गिरफ्तारी
रामनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे बावन बिगहा मैदान, दुर्गा मंदिर के पास गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक पीली धातु की चेन बरामद हुई है।
इस मामले में थाना रामनगर में मु0अ0सं0 0232/2026, धारा 309(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक शिवम सोनी, उपनिरीक्षक बाल योगेश्वर गौड़, पंकज मिश्रा, नितेश शर्मा, मनीष मौर्या तथा कांस्टेबल विपिन कुमार, दुर्गा प्रसाद और अजीत कुमार शामिल रहे।








Users Today : 18
Users Yesterday : 54