काल भैरव वार्ड में गूंजा ‘स्वच्छ काशी-सुंदर काशी’ का संदेश
नीलकंठ तिवारी के 55वें वार्ड प्रवास में जनसमस्याओं का लिया जायजा, सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान और काशी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पूर्व मंत्री एवं वाराणसी दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के 55वें दिन शनिवार को कारवां काल भैरव एवं कतुआपुरा वार्ड पहुंचा। इस दौरान ‘स्वच्छ काशी-सुंदर काशी’ का संदेश देते हुए वार्ड का भ्रमण कर साफ-सफाई एवं जनसमस्याओं का जायजा लिया गया।
डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी वार्ड भ्रमण में शामिल हुए। भ्रमण के दौरान जगह-जगह नागरिकों ने अपनी समस्याएं बताईं। कई स्थानों पर गलियों में उखड़ी और ऊबड़-खाबड़ पटियों के कारण लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए डॉ. तिवारी ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
काल भैरव वार्ड में एक हलवाई की दुकान के सामने सड़क पर फैली गंदगी देखकर डॉ. तिवारी ने दुकानदार को पहले समझाते हुए स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर गंदगी फैलाने से न केवल आसपास का वातावरण खराब होता है, बल्कि ग्राहकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने पर नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड की गलियों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने सफाई सुपरवाइजर को भी सख्त निर्देश देते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। भ्रमण के दौरान कोतवाली थाने के पीछे जंगल-झाड़ी और गंदगी का अंबार देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
डॉ. तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शासन की ओर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोतवाली थाने के पीछे के क्षेत्र की सफाई को भी अभियान से जोड़ते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वच्छता कार्य कराया जाए।
वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने आगे आकर अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान की मांग की। डॉ. तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संदीप चौरसिया, अंकुर मल्होत्रा, मध्यमेश्वर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ ‘बंटी’ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







Users Today : 21
Users Yesterday : 70