पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
माई भारत, वाराणसी, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वाराणसी में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” राष्ट्रीय संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही “युवा कनेक्ट कार्यक्रम” भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को युवा शक्ति, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विशेष्वर सिंह, प्राचार्य, पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विकास कुमार सिंह, उपनिदेशक, माई भारत, ने अपने उद्बोधन में युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को रचनात्मक एवं सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
विद्यालय के उपप्राचार्य ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में युवा आइकॉन एवं कॉलेज के पूर्व छात्र श्री सृजन चतुर्वेदी ने अपने विद्यार्थी जीवन की पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने कॉलेज में बिताए अपने दिनों को याद करते हुए विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रेजेंटेशन के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं युवाओं के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने दोनों कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक तिवारी द्वारा किया गया। उनके कुशल मंच संचालन ने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर माई भारत के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक विकास चौरसिया, विद्यालय के शिक्षकगण, स्वयंसेवक अनिल कनौजिया एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।








Users Today : 72
Users Yesterday : 85