एपेक्स हॉस्पिटल वाराणसी बना स्पाइन चिकित्सा एवं उच्च चिकित्सीय शिक्षा का प्रमुख केंद्र

वाराणसी। चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एपेक्स हॉस्पिटल, वाराणसी ने स्पाइन चिकित्सा, सर्जरी और उच्च चिकित्सीय शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीकों एवं सुविधाओं के साथ सुपर स्पेशियलिटी स्पाइन चिकित्सा की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अस्पताल में उत्तर प्रदेश में पहली बार 7 लाइव स्पाइन सर्जरी का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही सामाजिक सरोकार के तहत सुपर स्पेशियलिटी श्रेणी की 26 निःशुल्क स्पाइन सर्जरी भी संपन्न की जा रही हैं।
इसी क्रम में 3 और 4 अक्टूबर 2026 को एपेक्स हॉस्पिटल के नवीन प्रेक्षागृह में दो दिवसीय राष्ट्रीय अकादमिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल से प्रमाणित है तथा वाराणसी ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।
सम्मेलन में नई दिल्ली, कोलकाता, विशाखापत्तनम, मुंबई, ऋषिकेश, हैदराबाद, गुरुग्राम, प्रयागराज और लखनऊ सहित देश के विभिन्न प्रमुख शहरों से लगभग 33 ख्यातिप्राप्त स्पाइन सर्जन फैकल्टी के रूप में शामिल हो रहे हैं। विशेषज्ञ लाइव सर्जरी, व्याख्यान, पैनल डिस्कशन और केस प्रस्तुतिकरण के माध्यम से स्पाइन सर्जरी की सुरक्षित, सटीक और नवीन तकनीकों पर चर्चा करेंगे। प्रतिभागियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा।
एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं वरिष्ठ स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने बताया कि संस्थान पिछले 40 वर्षों से “सर्व जाँच, सर्व चिकित्सा” के संकल्प के साथ आधुनिक एवं समर्पित चिकित्सीय सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान आज उत्तर प्रदेश में एडवांस्ड स्पाइन चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है।
उन्होंने बताया कि उच्च चिकित्सीय शिक्षा के क्षेत्र में भी एपेक्स हॉस्पिटल को विशेष पहचान प्राप्त है। संस्थान में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन NBE द्वारा मान्यता प्राप्त DNB ऑर्थोपेडिक तथा FNB स्पाइन सर्जरी के साथ आर्थ्रोप्लास्टी में फेलोशिप विशेषज्ञता प्रदान की जा रही है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस राष्ट्रीय सम्मेलन और लाइव सर्जरी कार्यक्रम का उद्देश्य स्पाइन चिकित्सा की आधुनिक तकनीकों को चिकित्सकों तक पहुंचाना तथा मरीजों को सुरक्षित एवं उन्नत उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में चिकित्सा शिक्षा और सेवाओं को और मजबूत करना है।







Users Today : 14
Users Yesterday : 81