वाराणसी में 12 दिवसीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एनसीसी कैंप का आयोजन
ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने किया शुभारंभ, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक सद्भाव को मजबूत करने पर दिया जोर
वाराणसी। वाराणसी के रमना स्थित स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल में वाराणसी ए ग्रुप के तत्वावधान में 12 दिवसीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एनसीसी कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप का शुभारंभ ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने गरिमामय समारोह में किया।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर सौरभ सिन्हा ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की विविध संस्कृतियों को समझने, आपसी सद्भाव बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता में है। उन्होंने कैडेट्स को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि एनसीसी की खाकी वर्दी केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि देश के प्रति निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह वर्दी कैडेट्स को राष्ट्रसेवा और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।

23 अक्टूबर तक चलेंगी विभिन्न गतिविधियां
23 अक्टूबर तक चलने वाले इस कैंप में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 600 बच्चे और बच्चियां भाग ले रही हैं। कैंप में विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत व्याख्यान, क्विज प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, काशी दर्शन, सारनाथ भ्रमण तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेट्स को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में कैंप कमांडेंट कर्नल सुखबीर पुनिया, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश उपाध्याय, विद्यालय के प्रधानाचार्य ए.के. चौबे, छात्रावास अधीक्षक लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत्त) एम.एस. यादव, सूबेदार मेजर जीत बहादुर थापा, सूबेदार चंद्रशेखर यादव, मेजर लाल बिहारी प्रसाद, चीफ ऑफिसर ए.के. त्रिपाठी, सेकंड ऑफिसर रामजी प्रसाद, सचिन यादव, कैप्टन ओमशंकर तिवारी, मेजर आर.के. सिंह, कैप्टन सौम्या पाल, नायब सूबेदार मिलन थापा, ट्रेनिंग एसीओ हवलदार सुनील, रितेश कुमार, कर्णिक, रामनारायण, उदयभान, पंकज चौधरी और राजेंद्र तिवारी सहित विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेट्स, एनसीसी अधिकारी, प्रशिक्षक एवं सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








Users Today : 13
Users Yesterday : 100