काशी में दीपावली की रौनक के बीच गरीबों के घरों तक पहुंच रही विकास की रोशनी, योगी सरकार की योजनाओं से दोगुनी हुई त्योहार की खुशियां
धनतेरस पर सर्राफा बाजार रहा गुलजार, वाहनों की बिक्री में रही तेजी; घर लौटने वालों के लिए वाराणसी परिक्षेत्र से चल रहीं 331 बसें
मुख्यमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला और निशुल्क राशन से जरूरतमंद परिवारों को मिल रही राहत
वाराणसी, 8 नवंबर।
योगी सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा है कि विकास का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर घर में सुख, समृद्धि एवं सम्मान का दीप जले, यही दीपावली की सार्थकता है। इसी अंत्योदय की भावना के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों के दौरान प्रदेश सरकार ने पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन में खुशहाली लाने का प्रयास किया है। वाराणसी में भी इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है और उनकी दीपावली की खुशियों को नई रोशनी मिल रही है।
दीपावली पर धर्मनगरी काशी में बाजारों की रौनक देखते ही बनी। धनतेरस पर सर्राफा बाजार गुलजार रहे, वहीं दोपहिया और चार पहिया वाहनों की खरीदारी भी खूब हुई। बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच त्योहार का उत्साह नजर आया। दूसरी ओर, इस दीपावली पर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के घरों तक भी खुशियों की रोशनी पहुंच रही है।दीपावली के दौरान पुलिस ने फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए मुस्तैद रहे।
त्योहार पर घर लौटने वालों की राह होगी आसान
दीपावली और छठ महापर्व पर अपनों के बीच त्योहार मनाने के लिए घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए योगी सरकार ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के वाराणसी परिक्षेत्र से 12 दिनों तक 185 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। सामान्य दिनों में चलने वाली 146 बसों के साथ अब कुल 331 बसें यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा रही हैं। दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और बैढ़न समेत प्रमुख मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है। इससे त्योहार पर घर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिल रही है।
पक्के मकान से रसोई तक पहुंच रही सरकारी योजनाओं की खुशियां
योगी सरकार की मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को अपने घर में दीपावली मनाने का अवसर मिल रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली पर निशुल्क गैस रिफिल की सुविधा दी जा रही है। इससे गरीब परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनकी रसोई तक भी त्योहार की खुशियां पहुंच रही हैं।

निशुल्क राशन से त्योहार पर गरीब परिवारों को राहत
सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर नवंबर माह के खाद्यान्न का निशुल्क वितरण दीपावली को देखते हुए छह नवंबर से ही शुरू कर दिया गया है। यह वितरण 30 नवंबर तक चलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण बल्लभ सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को नवंबर माह का गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। इस तरह काशी में एक ओर बाजारों में दीपावली की रौनक है, तो दूसरी ओर सरकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के घरों तक भी खुशियां पहुंच रही हैं। परिवहन से लेकर आवास, रसोई गैस और खाद्यान्न तक की सुविधाएं आम लोगों को राहत दे रही हैं। यही उस अंत्योदय संकल्प की सार्थकता है, जिसमें विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर घर में सुख, समृद्धि और सम्मान का दीप जले।








Users Today : 156
Users Yesterday : 90