एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित युवा संगमम कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से पहुंची टीम का लोक भवन केरलम में भव्य स्वागत
तिरुवनंतपुरम 12/11/2026 : भारत सरकार की पहल ‘युवा संगम’ एक भारत, श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत उत्तर प्रदेश से केरल के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण पर आए छात्र दल ने आज केरल के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर से राजभवन में मुलाकात की। इस संवाद कार्यक्रम के दौरान काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. बाला लखेन्द्र तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पालक्काड के प्रोफेसर विनीत नारायण छात्र दल के साथ प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर बाला लखेन्द्र ने किया।
भेंट के दौरान विद्यार्थियों ने केरल प्रवास के अपने यादगार अनुभव राज्यपाल महोदय के साथ साझा किए। छात्रों ने विशेष रूप से केरल के पारंपरिक खान-पान, यहाँ की सुखद जलवायु और समृद्ध जैव-विविधता व वन क्षेत्रों के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए राज्यपाल महोदय ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ‘युवा संगम’ जैसी योजना पूरे भारत को एक सूत्र में जोड़ती है तथा प्रधानमंत्री के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को धरातल पर साकार करती है। उन्होंने उल्लेख किया कि हमारे देश की संस्कृति मिली-जुली है और इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यही है कि भारत के युवा विभिन्न राज्यों की संस्कृति को करीब से समझ सकें।
युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी यहाँ एक नए परिवेश में आए हैं, इसलिए कुछ अलग खोजने और कुछ नया जानने का निरंतर प्रयास करें। उन्होंने सुझाव दिया कि यात्राओं से हमें अलग-अलग अनुभव होते हैं, इसलिए हमें अपने इन अनुभवों को संग्रहित करने की आवश्यकता है। इसके साथ ही, उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में हमारे महिला समाज को आगे बढ़कर हर क्षेत्र में सक्रिय रूप से हिस्सा लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में छात्र दल और समन्वयक प्राध्यापकों ने राज्यपाल महोदय के प्रति उनके स्नेह, मार्गदर्शन और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देश की विविध संस्कृतियों, भाषाओं, परंपराओं और जीवनशैलियों के बीच आपसी समझ एवं एकता को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम विभिन्न राज्यों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति, कला, साहित्य और परंपराओं से परिचित कराता है। इससे राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, सद्भाव और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है। यह पहल विविधता में एकता के भारतीय आदर्श को साकार करते हुए राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत ‘युवा संगम’ कार्यक्रम का आयोजन पिछले कई वर्षों से किया जा रहा है जिसका उद्देश्य देश के युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समझ और पारस्परिक सहयोग की भावना विकसित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों की संस्कृति, भाषा, खान-पान, वेशभूषा, ऐतिहासिक स्थलों और विकास गतिविधियों को समझने का अवसर मिलता है।

एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के उत्तर प्रदेश के नोडल अधिकारी डॉ बाला लखेन्द्र ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत काशी हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी के पत्रकारिता और जान संप्रेषण विभाग के प्रोफेसर बाला लखेन्द्र के नेतृत्व में 55 सदस्यों का एक दल ( 50 छात्र और 5 शिक्षक) 2 नवंबर से 16 नवंबर तक आईआईटी पालक्काड के आतिथ्य में केरल के विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं ।








Users Today : 99
Users Yesterday : 179