काशी तमिल संगमम 5.0 से पहले बीएचयू में शुरू होंगी सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां, रन फॉर केटीएस से जुड़ेंगे शहरवासी
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ज्ञान परंपराओं को जोड़ने वाले काशी तमिल संगमम 5.0 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य आयोजन से पहले काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की ओर से लोगों और विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न प्री-इवेंट कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को दोनों क्षेत्रों की साझा सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने की पहल की जा रही है।
काशी तमिल संगमम 5.0 का मुख्य आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में प्रस्तावित है। बीएचयू के काशी तमिल संगमम पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुख्य आयोजन से पहले परिसर और शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

*भजन क्लबिंग और नुक्कड़ नाटक से जुड़ेगी सांस्कृतिक विरासत*
प्री-इवेंट कार्यक्रमों के तहत संध्या भजन यानी भजन क्लबिंग का आयोजन किया जाएगा। इसमें काशी और तमिलनाडु की आध्यात्मिक परंपराओं को भक्ति संगीत के माध्यम से एक मंच पर लाने की योजना है। इसके लिए बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर अथवा अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन प्रस्तावित है।
इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की साझा संस्कृति, विरासत और सामाजिक विषयों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इन नाटकों का मंचन बीएचयू विश्वनाथ मंदिर परिसर, घाटों और शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तावित है।
*रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिता में दिखेगी रचनात्मकता*
विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इनमें काशी और तमिलनाडु की संस्कृति, एकता और साझा विरासत को केंद्र में रखकर पारंपरिक एवं आधुनिक कलाकृतियां तैयार की जाएंगी। इसके अलावा छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए इंस्टॉलेशन आर्ट और कलात्मक प्रदर्शनियों का भी आयोजन प्रस्तावित है।
*रन फॉर केटीएस 5.0 से शहरवासियों को जोड़ने की तैयारी*
युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रन फॉर केटीएस 5.0 का आयोजन भी प्रस्तावित है। इस दौड़ का उद्देश्य एकता, फिटनेस और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश देना है। संभावित रूप से इसकी शुरुआत बीएचयू परिसर से होगी और मार्ग शहर के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल तक रखा जा सकता है।
*तिरुक्कुरल के नैतिक मूल्यों से परिचित होंगे विद्यार्थी*
इस वर्ष काशी तमिल संगमम की प्रमुख थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है। इसके तहत विद्यार्थियों और युवाओं को तमिल के प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं और नैतिक मूल्यों से परिचित कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इन प्री-इवेंट गतिविधियों के जरिए बीएचयू का प्रयास है कि काशी तमिल संगमम 5.0 केवल एक सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बने।








Users Today : 10
Users Yesterday : 105