वाराणसी। वाराणसी में ज्वेलर्स कंपनी के स्ट्रांग रूम से करीब 70 लाख रुपये के गोल्ड क्वाइन के गबन के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिगरा थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने मामले के मास्टरमाइंड राज कुमार को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राज कुमार ने ज्वेलर्स कंपनी में गोल्ड क्वाइन के गबन की पूरी साजिश बेहद शातिराना अंदाज में रची थी। उसने सबसे पहले कंपनी के कर्मचारियों से दोस्ती की और धीरे-धीरे उन्हें अपने विश्वास में लेकर इस साजिश में शामिल कर लिया। इसके बाद कंपनी के तीन कर्मचारियों के साथ मिलकर गोल्ड क्वाइन की चोरी का खेल शुरू किया गया।
आरोपियों ने कंपनी के शोरूम तक पहुंचने से पहले ही स्ट्रांग रूम से गोल्ड क्वाइन गायब करना शुरू कर दिया। इस दौरान स्टॉक और रजिस्टर का हिसाब-किताब भी इस तरह मेंटेन किया जाता रहा, जिससे किसी को शक न हो। धीरे-धीरे यह खेल चलता रहा और देखते ही देखते करीब 70 लाख रुपये के गोल्ड क्वाइन का गबन कर लिया गया।
ऑडिट में खुला 70 लाख रुपये के गबन का राज
कंपनी को एक दिन स्टॉक में गड़बड़ी की आशंका हुई। इसके बाद पूरे माल का निरीक्षण और ऑडिट कराया गया। ऑडिट में गोल्ड क्वाइन की भारी कमी सामने आई, जिसके बाद कंपनी में हड़कंप मच गया। जांच में करीब 70 लाख रुपये के गोल्ड क्वाइन के गबन का खुलासा हुआ।
मामले में कंपनी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड राज कुमार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी तलाश में वाराणसी पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
फरीदाबाद से दबोचा गया 25 हजार का इनामी
लंबे समय से फरार चल रहे राज कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आखिरकार वाराणसी पुलिस और एसओजी की टीम ने उसे हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद 70 लाख रुपये के गोल्ड क्वाइन गबन मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
#वाराणसी








Users Today : 10
Users Yesterday : 105