१०वीं श्याम नारायण पांडेय राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता–2026 का हुआ भव्य समापन समारोह संपन्न
वाराणसी। स्वर्गीय श्री श्याम नारायण पाण्डेय जी की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर, लोहता, वाराणसी में दिनांक 17 से 19 नवंबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता–2026 का आज भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री कुलजीत चहल जी, राष्ट्रीय संयोजक, नमो ऐप एवं प्रभारी, राजस्थान तथा चेयरमैन, एनडीएमसी (NDMC), नई दिल्ली उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री आशुतोष सिंह (आशु), पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), श्री शशांक रघुवंशी जी, जिला उपाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा तथा श्री कुलदीप सिंह, जिला मंत्री, भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं अध्यक्ष, उच्च आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, नौबतपुर, चंदौली उपस्थित रहे।
सेमीफाइनल मुकाबलों का परिणाम
प्रतियोगिता के प्रथम सेमीफाइनल मुकाबले में गोरखपुर एवं अयोध्या की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें गोरखपुर ने अयोध्या को 20-17 गोल से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। गोरखपुर की ओर से पवन ने सर्वाधिक 6 गोल किए, जबकि अयोध्या की ओर से आकाश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 गोल किए।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में वाराणसी एवं बस्ती की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में वाराणसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बस्ती को 27-17 गोल से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह बनाई। वाराणसी की ओर से आर्यन ने सर्वाधिक 7 गोल किए, वहीं बस्ती की ओर से अभिषेक गौतम ने 6 गोल किए।
फाइनल मुकाबला एवं प्रतियोगिता का परिणाम
प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला वाराणसी एवं गोरखपुर की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। अंततः वाराणसी की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर को 39-28 गोल से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में वाराणसी की ओर से अनीश एवं सूर्यप्रकाश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8-8 गोल किए। वहीं गोरखपुर की ओर से हिमांशु ने 8 गोल तथा पवन ने 6 गोल किए।
इस प्रकार वाराणसी की टीम प्रतियोगिता की विजेता एवं गोरखपुर की टीम उपविजेता बनी।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में HIMS College of Physiotherapy, Varanasi ने मेडिकल पार्टनर के रूप में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री प्रखर शुक्ल, एस.एन. पाण्डेय खेल संस्थान, वाराणसी की ट्रस्टी श्रीमती उपमा पाण्डेय, वाराणसी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री संतोष पाण्डेय, श्री राजेश सिंह दोहरी आदि गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से वी.पी.एस. ग्रुप के अध्यक्ष श्री विजय कुमार जायसवाल, उप-प्रबंधक श्री शशिकांत गुप्ता, उप-निदेशक श्री के.के. पाण्डेय एवं कोषाध्यक्ष श्री रामानंद जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अतिरिक्त विद्यालय के समस्त समन्वयक, आयोजन समिति के सदस्य, प्रशिक्षक, निर्णायक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
आभार एवं धन्यवाद
समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, खिलाड़ियों, विद्यालय प्रबंधन एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
उक्त समस्त जानकारी उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव श्री अमित पाण्डेय जी द्वारा दी गई।








Users Today : 44
Users Yesterday : 106