Home » शिक्षा » किशोर की उम्र सीमा 18 से घटाकर 16 वर्ष करने पर विचार करे विधायिका: इलाहाबाद हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी, हत्या के आरोपी की जमानत याचिका खारिज

किशोर की उम्र सीमा 18 से घटाकर 16 वर्ष करने पर विचार करे विधायिका: इलाहाबाद हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी, हत्या के आरोपी की जमानत याचिका खारिज

प्रयागराज, डिजिटल डेस्क। किशोर न्याय कानून के अंतर्गत नाबालिग माने जाने की आयु सीमा 18 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष करने के विषय पर विधायिका को गंभीरता से विचार करना चाहिए। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक आपराधिक अपील की सुनवाई करते हुए यह महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। न्यायालय ने अपने आदेश में केरल हाईकोर्ट के उस हालिया दृष्टिकोण का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि वर्तमान सामाजिक और आधुनिक परिस्थितियों में 16 वर्ष की आयु तक बच्चों में पर्याप्त मानसिक परिपक्वता आ जाती है, इसलिए कानून निर्माताओं को इस पहलू पर समय के अनुरूप निर्णय लेना चाहिए।

डकैती के दौरान हत्या के आरोपी की दूसरी जमानत अपील खारिज

यह अहम टिप्पणियां करते हुए न्यायमूर्ति अब्दुल शाहिद की एकल पीठ ने डकैती के दौरान हत्या के आरोपी एक किशोर की आपराधिक अपील को खारिज कर दिया। याचिकाकर्ता ने निचली अदालत द्वारा उसकी दूसरी जमानत अर्जी खारिज किए जाने के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मामले के तथ्यों के अनुसार, यह घटना उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से जुड़ी है। किशोर न्याय बोर्ड ने वारदात के समय अपीलकर्ता की आयु 17 वर्ष, छह महीने और 20 दिन निर्धारित की थी। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 396 के तहत डकैती की घटना के दौरान शुभम उर्फ मृगेंद्र की हत्या करने का गंभीर आरोप है।

बचाव पक्ष ने झूठा फंसाने और जेल में रखने की दी दलील

अपीलकर्ता की ओर से किशोर न्याय अधिनियम की धारा 101(5) के अंतर्गत अपील दाखिल कर पांच मई 2026 के आदेश को निरस्त करने की मांग की गई थी। उसके अधिवक्ता ने अदालत के समक्ष तर्क रखा कि उनके मुवक्किल को इस मामले में झूठा फंसाया गया है। बचाव पक्ष के अनुसार, न तो प्राथमिकी (एफआईआर) में और न ही गवाहों के बयानों में उसकी कोई स्पष्ट भूमिका सामने आई है। इसके अतिरिक्त, उसके पास से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक बरामदगी नहीं हुई है और उसका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास भी नहीं रहा है। अधिवक्ता ने यह भी मुद्दा उठाया कि किशोर घोषित होने के बावजूद उसे सामान्य जेल में निरुद्ध रखा गया, जो किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों का सीधा उल्लंघन है।

ट्रायल अंतिम चरण में होने के कारण नहीं मिली राहत

दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जमानत देने से इनकार कर दिया। पीठ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि निचली अदालत में चल रहे मुकदमे में अभियोजन पक्ष के सभी साक्ष्य पूरे किए जा चुके हैं और अब यह मामला अंतिम फैसला सुनाए जाने की स्थिति में पहुंच चुका है। कोर्ट ने पाया कि जमानत पर विचार करने के लिए कोई नया और ठोस आधार भी प्रस्तुत नहीं किया गया है। इन परिस्थितियों में अधीनस्थ न्यायालय द्वारा जमानत याचिका खारिज करने के आदेश में किसी भी प्रकार की विधिक त्रुटि या अनियमितता नहीं पाई गई, जिसके चलते हाईकोर्ट ने अपील को खारिज कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *