लखनऊ, डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एक बड़ा फेरबदल किया है। बेसिक शिक्षा अनुभाग-1 की ओर से जारी आधिकारिक स्थानांतरण आदेश के तहत अयोध्या, अमेठी, गोरखपुर और गाजियाबाद सहित प्रदेश के कुल 15 जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। शासन की ओर से सभी स्थानांतरित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना किसी प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए अपने नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करें।
कई जिलों में हुई आपसी अदला-बदली: मेरठ-अमरोहा और मिर्जापुर-कौशांबी के अधिकारी बदले
इस व्यापक फेरबदल में शासन ने कई जनपदों के अधिकारियों की आपसी अदला-बदली की है। इसके तहत मेरठ की बीएसए आशा चौधरी को अमरोहा भेजा गया है, जबकि अमरोहा की बीएसए मोनिका को मेरठ की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार मिर्जापुर और कौशांबी जिलों में भी अधिकारियों को आपस में बदला गया है—कौशांबी के बीएसए कर्मेन्द्र कुशवाहा को मिर्जापुर तथा मिर्जापुर के बीएसए अनिल कुमार वर्मा को कौशांबी का नया बीएसए नियुक्त किया गया है।
बलिया-मऊ और एटा-संतकबीर नगर में भी बदली कमान
पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य प्रमुख जिलों में भी यही क्रम देखने को मिला है। बलिया के बीएसए मनोज कुमार सिंह को मऊ का बीएसए बनाया गया है, वहीं मऊ के बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय को बलिया की कमान सौंपी गई है। दूसरी ओर, एटा और संतकबीर नगर में भी आपसी तबादले किए गए हैं, जिसके अंतर्गत संतकबीर नगर के बीएसए अमित कुमार सिंह को एटा भेजा गया है और एटा के बीएसए राजेश कुमार को संतकबीर नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
अयोध्या, अमेठी, बस्ती और लखीमपुर खीरी में नई तैनाती
प्रशासनिक सूची के अनुसार अयोध्या और अमेठी के शिक्षा महकमे में भी महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। अयोध्या के बीएसए लालचन्द्र को स्थानांतरित कर अमेठी का बीएसए बनाया गया है, जबकि अमेठी के बीएसए संजय तिवारी को लखीमपुर खीरी भेजा गया है। इसके साथ ही बस्ती के बीएसए अनूप कुमार को अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं लखीमपुर खीरी के बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को बस्ती का नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
गोरखपुर के राहुल पवार गाजियाबाद और डाली सिकरवार गौतमबुद्धनगर की नई बीएसए बनीं
इस फेरबदल में एनसीआर के प्रमुख जिलों गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। गोरखपुर के बीएसए राहुल पवार को गाजियाबाद का नया बीएसए बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के बीएसए रहे ओम प्रकाश यादव को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बलिया में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर भेजा गया है। इसके अतिरिक्त अमरोहा डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर कार्यरत डाली सिकरवार को गौतमबुद्धनगर का नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।








Users Today : 74
Users Yesterday : 157