Home » उत्तर प्रदेश » महापौर अब रोहनिया क्षेत्रीय कार्यालय में भी सुनेंगे फरियाद

महापौर अब रोहनिया क्षेत्रीय कार्यालय में भी सुनेंगे फरियाद

महापौर अब रोहनिया क्षेत्रीय कार्यालय में भी सुनेंगे फरियाद

-​संसदीय कार्यालय के अलावा अब भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में भी होगी जनसुनवाई

​-पहले दिन महापौर ने अधिकारियों को दिए जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

 

​वाराणसी : जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास कार्यों को गति देने के लिए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने एक नई पहल की है। महापौर अब प्रत्येक सोमवार को रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में जनसुनवाई करेंगे। इस नई व्यवस्था के पहले दिन सोमवार को महापौर ने सुबह से लेकर दोपहर दो बजे तक आम लोगों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
​ महापौर पहले से ही हर मंगलवार को रविंद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय कार्यालय में आम लोगों की जनसमस्याएं सुनते आ रहे हैं। अब संसदीय कार्यालय के अलावा उन्होंने रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में भी जनसुनवाई करने का निर्णय लिया है, ताकि शहर के दूसरे हिस्से के नागरिकों को अपनी समस्याओं को लेकर दूर न जाना पड़े। ​इस अवसर पर महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में जनता की सेवा ही सर्वोपरि है। वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम करने को कहा। महापौर ने जोर देकर कहा कि यह सीधा संवाद न सिर्फ जनता के विश्वास को सशक्त करता है, बल्कि विकास को जन-जन तक पहुंचाने के हमारे संकल्प को भी मजबूत करता है। पहले दिन की जनसुनवाई में मुख्य रूप से सफाई, पेयजल, पथ प्रकाश और सड़कों से जुड़ी शिकायतें आईं, जिन्हें दूर करने के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *