शहर के 90 प्रतिशत नालों की सफाई पूरी, महापौर ने किया निरीक्षण
-128 बड़े और 258 छोटे नालों को किया जा रहा दुरुस्त, इसी माह के अंत तक काम पूरा करने का लक्ष्य
-जलजमाव से निपटने के लिए बनेगी त्वरित कार्रवाई टीम, सुपर सकर और बकेट मशीनों से साफ हुईं सीवर लाइनें

वाराणसी : शहर में जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मानसून के आगमन से पहले ही शहर के 90 प्रतिशत नालों की सफाई का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष बचे 10 प्रतिशत नालों की सफाई को इसी माह के अंत तक पूरा कराने का लक्ष्य तय किया गया है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को महमूरगंज स्थित बिरदोपुर और तुलसीपुर वार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाली-नाला और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर के कुल 128 बड़े नालों में से अधिकांश की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि सभी 258 छोटे नालों को पूरी तरह साफ कर लिया गया है। इसके अलावा, सीवर लाइनों को जाम से मुक्त रखने के लिए सुपर सकर और बकेट मशीनों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया है। मानसून के दौरान शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए एक त्वरित कार्रवाई टीम (क्यूआरटी) का गठन करने का निर्णय लिया गया है। यह टीम आपातकालीन स्थिति में जल निकासी की व्यवस्था संभालेगी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद विवेक कुमार कुशवाहा, पुन्नू लाल, जलकल के महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह सहित निगम और जलकल विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।








Users Today : 4
Users Yesterday : 46