मानसून में लापरवाही पर नपेंगे अफसर
-नगर आयुक्त ने खुले व क्षतिग्रस्त मैनहोल तत्काल ठीक करने का दिया सख्त निर्देश
-नगर निगम का कड़ा रुख, लापरवाही मिलने पर तय होगी संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी
-लोक निर्माण विभाग, जलकल व निगम के मुख्य अभियंताओं को तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट देने का निर्देश

वाराणसी : आगामी मानसून के मद्देनजर शहर में जलभराव की स्थिति के दौरान किसी भी अप्रिय दुर्घटना को रोकने के लिए नगर निगम बेहद सख्त है। इस क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जलकल विभाग और निगम के मुख्य अभियंताओं सहित नगर स्वास्थ्य अधिकारी को कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसमें उन्होंने कहा है कि मानसून के दौरान सड़कों पर जलभराव होने की स्थिति में यदि कोई खुला या क्षतिग्रस्त मैनहोल अथवा गली पिट पाया गया, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गत 27 जून को आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में सदस्यों ने यह संज्ञान में लाया गया था कि भारी बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भर जाने से टूटे या खुले मैनहोल दिखाई नहीं देते, जिससे आम जनता के साथ कोई भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका हमेशा बनी रहती है। इसके अलावा खुले कवरों के कारण शहर की ड्रेनेज और सफाई व्यवस्था के संचालन में भी भारी रुकावटें पैदा होती हैं। कार्यकारिणी समिति के मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आने वाले समस्त मैनहोल, गली पिट और ड्रेनेज कवरों का तत्काल व्यापक सर्वे कराएं। सर्वे के दौरान जो भी कवर क्षतिग्रस्त, टूटे या गायब पाए जाएं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अविलंब ठीक कराना सुनिश्चित करें। इस पूरी कार्रवाई को पूरा करते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द अनुपालन आख्या (प्रगति रिपोर्ट) निगम में प्रस्तुत करनी होगी, जिसे आगामी कार्यकारिणी समिति की बैठक में समीक्षा के लिए रखा जाएगा। कहा है कि जनहित से जुड़े कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई दुर्घटना होती है, तो जवाबदेही तय करते हुए तुरंत कठोर कानूनी व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आदेश की प्रतिलिपि महापौर, वाराणसी मंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी और सभी जोनल अधिकारियों को भी आवश्यक निगरानी और समन्वय स्थापित करने के लिए भेजी गई है। जोनल अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण और निरंतर अनुश्रवण करने को कहा गया है ताकि धरातल पर कार्य समय से पूरा हो सके।








Users Today : 38
Users Yesterday : 38