कज्जाकपुरा व सोनकर बस्ती को मिलेगा जलभराव से मुक्ति- महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया 1.78 करोड़ की सीवर लाइन परियोजना का शिलान्यास

वाराणसी : नगर निगम शहर की बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ करने में जुटा हुआ है । इस क्रम रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शहर दक्षिणी विधानसभा के आदमपुर जोन के राजघाट ( वार्ड संख्या 15 ) एवं हनुमान फाटक वार्ड ( संख्या 67 ) के अंतर्गत कज्जाकपुरा, लॉट भैरव स्थित सोनकर बस्ती एवं दाल मिल के पास सीवर लाइन बिछाने के कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस संपूर्ण विकास परियोजना की कुल अनुमानित लागत 178.98 लाख रुपये (1 करोड़ 78 लाख 98 हजार रुपये) है। इसके अंतर्गत 80 मीटर मुख्य सीवर लाइन को आधुनिक ‘ट्रैन्चलेस विधि’ (बिना सड़क खोदे पाइप बिछाने की तकनीक) से तैयार किया जाएगा। इस कार्य से क्षेत्र के लगभग 50 हजार से अधिक परिवार सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे और उन्हें लंबे समय से चली आ रही जलभराव व गंदगी की समस्या से स्थाई निजात मिलेगी।इस मौके पर महापौर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की प्रेरणा से शहर का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में शहर के उन सभी घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जो वर्षों से उपेक्षित थे। उन्होंने तकनीकी टीम को निर्देशित किया कि कार्य अत्यंत तीव्रता व उच्च गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय पार्षद रोहित जायसवाल (हनुमान फाटक) व रीना सोनकर (राजघाट) विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा पूर्व पार्षद विजय सोनकर, पार्षद संजय विशम्भरी व लकी भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ गुप्ता “बंटी” व बबलू सेठ, मंडल महामंत्री शुभम चौरसिया, नामित पार्षद सुधीर त्रिपाठी “मुन्ना”, संतोष सोलापुरकर व मनोज यादव सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता जनक नलिन नयन मिश्रा व भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








Users Today : 38
Users Yesterday : 38