Home » Uncategorized » वाराणसी कोर्ट में राहुल गांधी की ओर से दाखिल हुआ वकालतनामा, भगवान राम टिप्पणी मामले की सुनवाई 24 जुलाई तक टली

वाराणसी कोर्ट में राहुल गांधी की ओर से दाखिल हुआ वकालतनामा, भगवान राम टिप्पणी मामले की सुनवाई 24 जुलाई तक टली

Varanasi News: राहुल गांधी की ओर से कोर्ट में दाखिल हुआ वकालतनामा, भगवान राम टिप्पणी मामले में पक्ष रखने के लिए मांगा समय

 

वाराणसी। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़े भगवान श्रीराम पर कथित टिप्पणी मामले में वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई टल गई। राहुल गांधी की ओर से उनके अधिवक्ताओं ने अदालत में वकालतनामा दाखिल करते हुए जवाब प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। अब मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी।

मामले की सुनवाई अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) / एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी और अनुज यादव ने अदालत में वकालतनामा दाखिल किया और पक्ष रखने के लिए समय देने का अनुरोध किया।

 

क्या है पूरा मामला?

यह मामला अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय द्वारा दायर अर्जी से जुड़ा है। अर्जी में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने 21 अप्रैल 2025 को अमेरिका के ब्राउन यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम के संबंध में ऐसी टिप्पणियां कीं, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। अर्जी में यह भी कहा गया है कि उन्होंने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और राम मंदिर को लेकर भी विवादित बातें कही थीं।

पहले खारिज हुई थी अर्जी

इस मामले में दायर परिवाद को 27 मई 2025 को निचली अदालत ने पोषणीय न मानते हुए खारिज कर दिया था। इसके बाद परिवादी की ओर से सत्र न्यायालय में पुनरीक्षण (रिवीजन) याचिका दायर की गई। रिवीजन कोर्ट ने मामले पर सुनवाई के बाद निचली अदालत को प्रकरण पर दोबारा सुनवाई करने का निर्देश दिया था। उसी आदेश के अनुपालन में अब यह मामला पुनः विचाराधीन है।

 

अगली सुनवाई 24 जुलाई को

 

राहुल गांधी की ओर से समय मांगे जाने के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई के लिए निर्धारित कर दी है। अब अगली तारीख पर दोनों पक्षों की दलीलों के बाद अदालत आगे की कार्रवाई पर निर्णय ले सकती है।

 

नोट: यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। याचिका में लगाए गए आरोपों पर अदालत ने अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है और न ही राहुल गांधी की ओर से इस मामले के आरोपों पर अदालत में विस्तृत जवाब दर्ज किया गया है।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *