वाराणसी, 10 जुलाई। वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जे.पी. मेहता इंटर कॉलेज से जिला मुख्यालय तक आक्रोश रैली निकाली और बाद में अखिलेश यादव का पुतला दहन किया।

भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पोस्टरों के माध्यम से विरोध दर्ज कराया और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और जनता अब उसकी नीतियों को समझ चुकी है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए कार्य कर रही है। वहीं कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम के सम्मान से जुड़े नारे भी लगाए।

रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, मंडल अध्यक्ष विवेक पांडे सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा के अनुसार यह प्रदर्शन एक दिन पहले हुए मंत्री के पुतला दहन के विरोध में आयोजित किया गया था।
फिलहाल इस संबंध में समाजवादी पार्टी या अखिलेश यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








Users Today : 0
Users Yesterday : 15