उत्तर प्रदेश में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ
माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल का आह्वान— ‘हर युवा कम-से-कम एक व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले’
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से जुड़े MY Bharat स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं, अगले 100 सप्ताह तक चलेगा राष्ट्रव्यापी जन-अभियान

लखनऊ, 02 अगस्त, 2026।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत MY Bharat (माय भारत) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का उत्तर प्रदेश स्तरीय भव्य शुभारंभ रविवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के प्रशासनिक भवन स्थित ब्राउन हॉल में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव, KGMU की कुलपति पद्मश्री प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद, युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के सचिव श्री सुहास एल.वाई. (IAS) तथा MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक श्री गोपेश पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में 300 से अधिक MY Bharat स्वयंसेवकों एवं KGMU के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी वर्चुअल संबोधन से जुड़कर ‘नशामुक्त एवं विकसित भारत’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

उत्तर प्रदेश में यह अभियान राज्य तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सभी जनपदों एवं विकास खंडों तक जनभागीदारी के साथ पहुँचा। MY Bharat स्वयंसेवकों के नेतृत्व में प्रदेशभर में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित मेगा कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों, युवा मंडलों तथा शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सभी स्थानों पर युवाओं ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के वर्चुअल संबोधन से जुड़कर ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ का सामूहिक संकल्प लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सक्रिय जन-जागरूकता अभियान चलाने का प्रण लिया।
प्रधानमंत्री ने दिया स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा शक्ति का संदेश
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों से जुड़े करोड़ों युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशामुक्त, स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जागरूक होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे बड़ा शत्रु है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्ति का संदेश दें। उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अगले 100 सप्ताह तक खेल, फिटनेस, योग, ध्यान, सांस्कृतिक गतिविधियों, सेवा कार्यों, जन-जागरूकता अभियानों तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पूरे देश में निरंतर संचालित किया जाएगा। उन्होंने MY Bharat स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि युवा शक्ति इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देगी।
‘हर युवा एक व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराए’ : माननीय राज्यपाल
अपने प्रेरणादायी संबोधन में माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि “प्रत्येक युवा कम-से-कम एक ऐसे व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले।” उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक युवा एक व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करे, तो नशामुक्त समाज का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने KGMU द्वारा गोद लिए गए पाँच ग्रामों का विशेष उल्लेख करते हुए सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को 10-10 सदस्यीय समूहों में विभाजित कर प्रत्येक घर का सर्वेक्षण करना चाहिए, नशे से प्रभावित व्यक्तियों की पहचान करनी चाहिए तथा चिकित्सकीय परामर्श, जन-जागरूकता और सतत संवाद के माध्यम से उन्हें नशे की लत से बाहर लाने का प्रयास करना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार बनाना भी है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
अपने जीवन का उदाहरण साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वे आज भी अपना भोजन स्वयं बनाती हैं। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए कहा कि हर युवक और हर युवती को भोजन बनाना अवश्य आना चाहिए। उन्होंने बाहर के भोजन तथा ऑनलाइन फूड ऑर्डर पर अनावश्यक निर्भरता कम करने तथा पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक घरेलू भोजन अपनाने की प्रेरणा दी।
युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : गिरीश चन्द्र यादव
उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, खेल एवं फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि MY Bharat के माध्यम से संचालित यह अभियान युवाओं को नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला एक प्रभावी जन-आंदोलन है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार, मित्रों, शिक्षण संस्थानों और समाज तक पहुँचाकर इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाएं।
स्वस्थ जीवनशैली ही नशामुक्त समाज की आधारशिला : प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद
KGMU की कुलपति पद्मश्री प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद ने कहा कि युवा यदि अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तो वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सर्वोत्तम उपयोग राष्ट्र निर्माण में कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे MY Bharat के माध्यम से नशामुक्ति अभियान को प्रत्येक गाँव, वार्ड और शिक्षण संस्थान तक पहुँचाकर इसे व्यापक सामाजिक आंदोलन का स्वरूप दें।
जनभागीदारी से बनेगा जन-आंदोलन
युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के सचिव श्री सुहास एल.वाई. (IAS) ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें तथा नशामुक्ति के संदेश को प्रत्येक समुदाय तक पहुँचाएँ।
MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक श्री गोपेश पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि अगले 100 सप्ताह तक चलने वाला व्यापक जन-अभियान है। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में वाकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, योग एवं ध्यान सत्र, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसंवाद, डिजिटल ई-प्लेज अभियान तथा जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की रचनात्मक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि MY Bharat के स्वयंसेवक इस अभियान को गाँव-गाँव, वार्ड-वार्ड और प्रत्येक शिक्षण संस्थान तक पहुँचाकर जनभागीदारी आधारित सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देंगे।
नशामुक्त भारत के लिए सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के अंत में माननीय राज्यपाल, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कुलपति, वरिष्ठ अधिकारियों, MY Bharat स्वयंसेवकों, KGMU के छात्र-छात्राओं तथा अन्य प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की शपथ ग्रहण की। पूरे सभागार में नशामुक्त भारत के संकल्प की गूंज सुनाई दी और उपस्थित युवाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।
यह आयोजन युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वस्थ जीवनशैली, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। आगामी दिनों में प्रदेशभर में MY Bharat के नेतृत्व में विविध जन-जागरूकता कार्यक्रमों, खेल एवं फिटनेस गतिविधियों, संवाद सत्रों तथा सामुदायिक अभियानों के माध्यम से इस राष्ट्रव्यापी अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।







Users Today : 6
Users Yesterday : 38