पीडब्ल्यूडी की नाकामी का ‘कीचड़’, नगर निगम की साख पर लगा रहा बट्टा
-चितईपुर मार्ग पर जलभराव और गड्ढों से जनता बेहाल, औचक निरीक्षण पर पहुंचे महापौर
-पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश, काम न होने पर शासन को पत्र लिखने की दी चेतावनी

वाराणसी : लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्यशैली और उपेक्षात्मक रवैये की वजह से चितईपुर मार्ग पर उपजा ‘कीचड़’ अब नगर निगम की साख पर दाग लगा रहा है। मरम्मत के नाम पर पीडब्ल्यूडी द्वारा जगह-जगह खोदे गए गहरे गड्ढों और उनमें जमा बरसाती पानी के कारण रोजाना राहगीर चोटिल हो रहे हैं। सड़क पीडब्ल्यूडी की होने के बावजूद जनता के आक्रोश का सामना नगर निगम को करना पड़ रहा है। अपनी इस अकारण हो रही फजीहत और जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लापरवाह अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सड़क के सभी गड्ढों को भरकर आवागमन सुगम बनाने का सख्त निर्देश दिया। महापौर ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि यदि कार्य में ढिलाई बरती गई तो संबंधित अधिकारियों की लापरवाही की शिकायत करते हुए शासन स्तर पर पत्र भेजा जाएगा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद मदन मोहन तिवारी, गोपाल जी, सुरेश पटेल, नामित पार्षद कमलेश पाल, पार्षद प्रतिनिधि अतुल पांडेय, विनीत सिंह, अजय बिंद मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक पक्ष से अधिशासी अभियंता (पीडब्ल्यूडी) आशुतोष सिंह, नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र, अधिशासी अभियंता (जलकल) सौरभ सिंह सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।








Users Today : 37
Users Yesterday : 64