साइबर ठगी से बचाव को छात्राओं को किया जागरूक
वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को एमबीएस कॉन्वेंट स्कूल में छात्राओं और महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक संजना सिंह के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल स्नेहा पांडेय और अंजली सोनकर ने छात्राओं को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों से सावधान रहने की जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल उठाने या मैसेज में दिए गए लिंक को खोलने से बचें। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि आपात स्थिति में 112, महिला सहायता के लिए 181, वूमेन पावर लाइन 1090 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क किया जा सकता है।
महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से कहा कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में चुप न रहें और बिना डर के पुलिस की मदद लें। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।








Users Today : 100
Users Yesterday : 125