वार्ड प्रवास के 52वें दिन पियरी कला पहुंचे नीलकंठ तिवारी, जलजमाव और सीवर समस्या पर अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी। वाराणसी दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास महाअभियान लगातार जारी है। अभियान के 52वें दिन उन्होंने पियरी कला वार्ड में प्रवास कर क्षेत्र का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों की समस्याओं का मौके पर ही संज्ञान लिया।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने नगर निगम, जलकल एवं बिजली विभाग के अधिकारियों तथा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या सामने आई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कर जलजमाव की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
वार्ड की गलियों में जगह-जगह उखड़े और ऊबड़-खाबड़ पत्थरों को देखकर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम की स्ट्रीट लाइट के तार खुले में पाए जाने पर भी डॉ. नीलकंठ तिवारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों को तत्काल खुले तारों को ठीक कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं, सीवर की समुचित निकासी नहीं होने की समस्या सामने आने पर उन्होंने जोनल अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार नई पाइपलाइन डालने के निर्देश भी दिए।
वार्ड प्रवास के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अंकुर मल्होत्रा,दीनदयाल मंडल के मंडल अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, बबलू सेठ, राहुल सिंह, नेहा कक्कड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।








Users Today : 99
Users Yesterday : 125