उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और रेल मंत्री कल वाराणसी से नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे
नई ट्रेन सेवा उत्तर प्रदेश और दिल्ली भर के श्रद्धालुओं, छात्रों और पेशेवरों के लिए त्वरित व आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा
भारतीय रेलवे वाराणसी और नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। इन सेवाओं के शुरू होने से आधुनिक रात्रिकालीन रेल सेवाओं का नेटवर्क और विस्तारित होगा। इससे दोनों शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों को लंबी दूरी की रात की यात्रा के लिए आधुनिक, आरामदायक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कल वाराणसी से वाराणसी-नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।
जनवरी 2026 में हावड़ा-गुवाहाटी कॉरिडोर और उसकी वापसी यात्रा पर वंदे भारत स्लीपर सेवाओं की शुरुआत के बाद, ये नई सेवाएं इस अगली पीढ़ी की ट्रेन के लाभों का अन्य क्षेत्रों में विस्तार करेंगी। बेहतर ऑन-बोर्ड सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा सुविधाओं और सोच-समझकर डिजाइन किए गए स्लीपर आवास के साथ, भारतीय रेलवे लंबी दूरी के रात्रिकालीन सफर को अधिक आरामदायक, विश्वसनीय और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में काम कर रही है।
वाराणसी-नई दिल्ली: प्रमुख धार्मिक केंद्र और राष्ट्रीय राजधानी के बीच बेहतर संपर्क
वाराणसी और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर सेवा शुरू होने से भारत के प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों में शामिल वाराणसी का राष्ट्रीय राजधानी से संपर्क और मजबूत होगा।
वाराणसी में पूरे साल श्रद्धालु, देशी-विदेशी पर्यटक, विद्यार्थी और दूसरे क्षेत्रों से आने वाले लोग पहुंचते हैं। नई दिल्ली के साथ रात की बेहतर रेल कनेक्टिविटी से धार्मिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक, प्रशासनिक और पर्यटन संबंधी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को अधिक सुविधा मिलेगी।
यह ट्रेन वाराणसी से चलकर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। ये स्टेशन महत्वपूर्ण शहरी केंद्रों को जोड़ते हैं और आसपास के जिलों को भी रेल संपर्क उपलब्ध कराते हैं। इससे आधुनिक रेल यात्रा की सुविधा अधिक से अधिक यात्रियों तक पहुंच सकेगी।
यह ट्रेन वाराणसी से रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह नई दिल्ली से रात 9 बजकर 40 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।
मौजूदा शिव गंगा एक्सप्रेस की तुलना में वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से नई दिल्ली की यात्रा में 55 मिनट और नई दिल्ली से वाराणसी की यात्रा में 35 मिनट की बचत करेगी। इससे दोनों दिशाओं में यात्रियों को रात के सफर के लिए तेज विकल्प मिलेगा।
यह सेवा सप्ताह में छह दिन चलेगी। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को और नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी। रात के समय यात्रा और अगली सुबह गंतव्य पर पहुंचने की सुविधा से यात्रियों को अपने समय का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी। यह सेवा विशेष रूप से श्रद्धालुओं, पर्यटकों, विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों और उन परिवारों के लिए उपयोगी होगी, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच अक्सर यात्रा करते हैं।

वंदे भारत स्लीपर: रात की रेल यात्रा को मिलेगा नया अनुभव
लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा प्रणालियों और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कई विशेषताएं शामिल की गई हैं। इसका डिजाइन लंबी दूरी की यात्रा के दौरान आरामदायक माहौल उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। इसमें सोने की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, सुगमता और यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।
प्रमुख विशेषताएं
ऊर्जा और प्रदर्शन
– ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के लिए रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम।
– डिब्बों के नीचे स्थापित प्रणोदन प्रणाली।
– उन्नत वायुगतिकीय डिजाइन, अधिक सहज गति और झटकों से मुक्त सफर।
डिजाइन और सुविधाएं
– ऑस्टेनिटिक स्टेनलेस स्टील से निर्मित डिब्बे, जो EN15227 दुर्घटना सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं।
– पूरी तरह सीलबंद लचीला गैंगवे, जिसमें त्वरित रिलीज की व्यवस्था है।
– केंद्रीय रूप से नियंत्रित एकल पल्ले वाले स्वचालित स्लाइडिंग प्लग दरवाजे।
– डिब्बों के भीतर शोर कम करने और ध्वनि अवरोध की विशेष व्यवस्था।
– प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था।
– सेंसर आधारित इंटरकम्युनिकेशन डोर
सुरक्षा और संरक्षा
– EN45545 HL3 अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप।
– डिब्बों के अंतिम हिस्सों में अग्निरोधी दरवाजे।
– ट्रेन टक्कर से बचाव प्रणाली (टीसीएएस)।
– आपदा प्रबंधन के लिए विशेष लाइट।
– धुआं और आग का पता लगाने वाली प्रणाली।
– यात्रियों की सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे।
– यात्रियों के लिए आपातकालीन अलार्म पुश बटन।
आराम और सुविधाएं
– वैक्यूम निकासी प्रणाली वाले आधुनिक, आरामदायक और दुर्गंध रहित शौचालय।
– दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और शौचालय।
– पर्याप्त सामान रखने की जगह के साथ आधुनिक यात्री सुविधाएं।
– तीन पिन वाले चार्जिंग सॉकेट और स्विच के साथ एकीकृत बीआरएल।
– टाइप-ए और टाइप-सी यूएसबी चार्जिंग पोर्ट।
– पीएपीआईएस आधारित चालक, गार्ड और यात्रियों के बीच संचार प्रणाली।
– प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में गर्म पानी के साथ शॉवर की सुविधा।
– एक्सेस प्वाइंट नेटवर्क के साथ वाई-फाई राउटर।
– चालक केबिन में वातानुकूलन और रेलकर्मियों के लिए शौचालय।








Users Today : 24
Users Yesterday : 47