लोकबंधु राजनारायण विधि महाविद्यालय में एमएलसी ने दीक्षारंभ सत्र 2026-27 का किया शुभारंभ
मेधावी छात्र हुए सम्मानित, सभी छात्रों को भारतीय संविधान की पुस्तक वितरण

राजातालाब। लोकबंधु राजनारायण विधि महाविद्यालय मोतीकोट गंगापुर में आयोजित विधि त्रिवर्षीय एवं पंचवर्षीय पाठ्यक्रम के दीक्षारंभ सत्र 2026-27 का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह व विशिष्ट अतिथि सेंट्रल बार एसोसिएशन बनारस के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम ने मां सरस्वती एवं लोकबंधु राजनारायण के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कानून एक है लेकिन निर्वचन करने की शक्ति न्यायाधीश के विवेक पर निर्भर करती है, बौद्धिक ज्ञान व विवेक आपकी जिम्मेदारी है, युवा शक्ति का उपयोग सार्थक रूप से करें और मानवीय संवेदना को प्रथम शर्त रखें। विशिष्ट अतिथि प्रेम प्रकाश गौतम ने कहा कि अपनी गलती स्वीकार करें और संकल्प लें कि पुनः वह गलती नहीं होगी, न्यायालय में अपनी बात ईमानदारी, निर्भीकता और बेबाकी से रखें और नैतिक मूल्यों से कभी समझौता न करें। अध्यक्षता कर रहे संस्थापक निदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि शासन के तीन स्वरूप होते हैं- संवैधानिक, न्यायिक और राजनीतिक, राजनीतिक शासन राजनीतिक हितों के कारण ज्यादा प्रचलित हो गया है, यह अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी है कि पुनः संवैधानिक शासन स्थापित करने का प्रयास करें। इस दौरान मुख्य अतिथि ने सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र अंकित सिंह पटेल, ऋषभ नारायण सिंह व विशाल कुमार सिंह को पुरस्कृत किया। निदेशक ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया तथा सभी छात्र-छात्राओं को संविधान की पुस्तक प्रदान की। अध्यक्षता निदेशक अभिषेक सिंह ने की, संचालन प्रवक्ता करूणामय ने किया। इस अवसर पर प्रवक्ता नीरज पाठक, आलोक कुमार राय, सरोज वर्मा, विजय कुमार, समीर कान्त पाठक सहित शिक्षणेत्तर कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








Users Today : 107
Users Yesterday : 125