Home » liveup » पितृ कुंड वार्ड में नीलकंठ तिवारी का 58वां वार्ड प्रवास, जनसमस्याओं पर दिखी सख्ती

पितृ कुंड वार्ड में नीलकंठ तिवारी का 58वां वार्ड प्रवास, जनसमस्याओं पर दिखी सख्ती

पितृ कुंड वार्ड में नीलकंठ तिवारी का 58वां वार्ड प्रवास, जनसमस्याओं पर दिखी सख्ती

वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान लगातार जारी है। अभियान के 58वें दिन सोमवार को डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पितृकुंड वार्ड में भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया और क्षेत्र की समस्याओं का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वार्ड प्रवास की शुरुआत पितृकुंड तालाब से हुई, जहां स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया। इसके बाद डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ वार्ड की विभिन्न गलियों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर गलियों में लगे पत्थरों के उखड़े और ऊबड़-खाबड़ होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

पितृकुंड तालाब के निरीक्षण के दौरान दीवारों पर लगी काई को हटाने और साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने क्षेत्र की पुरानी और जर्जर सीवर लाइनों का भी निरीक्षण कराया। लंबे समय से खराब पड़ी सीवर लाइनों को दुरुस्त करने के साथ ही जरूरत वाले स्थानों पर पुरानी लाइनों को बदलने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

 

वार्ड भ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक विधायक के साथ मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने “कंठ-कंठ नीलकंठ, शहर दक्षिणी करे पुकार, नीलकंठ तिवारी बारंबार”, “हमारा नेता कैसा हो, नीलकंठ तिवारी जैसा हो”, “स्वच्छ काशी-सुंदर काशी” और “काशी ने ठाना है, काशी को स्वच्छ बनाना है” जैसे नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि वार्ड प्रवास का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को मौके पर ही निर्देशित करना है। उन्होंने कहा कि काशी को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सुविधाओं वाला शहर बनाने के लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर लगातार काम कर रहे हैं।

वार्ड भ्रमण में स्थानीय पार्षद अमरेश कुमार गुप्ता, इंद्रेश सिंह, संजय केसरी, अनंत राम गुप्ता, अंकुर मल्होत्रा, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संदीप चौरसिया, भाजपा महानगर मंत्री सुनील यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह डब्बू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *