योजनाओं की जानकारी के अभाव में नहीं छूटेगा किसी महिला का हक
मटेहू (गाजीपुर)। सरकारी योजनाओं की जानकारी और जरूरी दस्तावेजों के अभाव में पात्र महिलाएं अब योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें, इसके लिए काका फाउंडेशन ने गांव स्तर पर पहल शुरू की है। मटेहू गांव में आयोजित जागरूकता बैठक में करीब 70 महिलाओं ने सहभागिता की। इस दौरान महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली गई। साथ ही यह भी जाना गया कि कौन-कौन सी महिलाएं पहले से सरकारी योजनाओं का लाभ ले रही हैं और किन पात्र महिलाओं को अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है।
बैठक में काका फाउंडेशन की टीम ने महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योजनाओं के लिए निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन की प्रक्रिया समझाई गई। टीम ने विशेष रूप से उन महिलाओं की समस्याएं सुनीं, जो पात्र होने के बावजूद किसी कारणवश योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं।
दस्तावेजों की कमी बन रही बाधा
जागरूकता बैठक के दौरान सामने आया कि कई बार योजनाओं का लाभ लेने में जानकारी के साथ-साथ जरूरी दस्तावेजों की कमी भी बाधा बनती है। इस पर फाउंडेशन की टीम ने महिलाओं को आवश्यक अभिलेख पूरे रखने और आवेदन प्रक्रिया समय से पूरी करने के लिए जागरूक किया। महिलाओं को बताया गया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता के साथ सही दस्तावेज और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करना आवश्यक है।
फाउंडेशन की टीम ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पात्र महिलाओं को संबंधित योजनाओं से जोड़ने में आवश्यक सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
काका फाउंडेशन की संस्थापिका साक्षी और प्रोजेक्ट मैनेजर सागर सिंह ने महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। जानकारी के अभाव में कोई पात्र महिला अपने अधिकार से वंचित न हो, इसके लिए गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पात्र महिलाओं की समस्याओं को समझकर उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने का कार्य आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याएं टीम के सामने रखीं। फाउंडेशन की ओर से पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया। महिलाओं ने भी सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के आधार पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की बात कही।
फोटो कैप्शन : मटेहू गांव में आयोजित जागरूकता बैठक में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते काका फाउंडेशन के पदाधिकारी।








Users Today : 8
Users Yesterday : 85