वॉलीबॉल खेलने को लेकर विवाद में युवक पर हमला, फायरिंग का आरोप
सात लोगों को नामजद कर पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग
मधुबन (मऊ)। वॉलीबॉल खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और कथित फायरिंग तक पहुंच गया। परसपुर मुबारकपुर गांव निवासी मिस्रसेन कुमार सिंह ने गांव के ही सात लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, घेरकर हमला करने तथा अवैध असलहे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, चार अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे वह गांव में वॉलीबॉल खेल रहा था। इसी दौरान रायवेन्द्र सिंह, आयन सिंह, शिवशंकर सिंह और अनुराग उर्फ भोलू सिंह वहां पहुंचे। आरोप है कि वॉलीबॉल खेलने को लेकर कहासुनी के बाद आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। किसी तरह वह वहां से निकलकर घर की ओर भागा।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने रास्ते में भी उसे घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान धनंजय सिंह उर्फ रामसुमेर सिंह और प्रद्युम्न सिंह भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने भी उसके साथ गाली-गलौज की। पीड़ित के मुताबिक, इसी बीच प्रद्युम्न सिंह ने अवैध असलहे से उसकी ओर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। वह किसी तरह बच निकला और मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि अगले दिन एसडीएम मधुबन के समक्ष बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत कार्रवाई की गई। जमानत होने के बाद पीड़ित ने पुलिस के समक्ष दोबारा शिकायत दर्ज कराते हुए घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित का कहना है कि गंभीर आरोप लगाए जाने के बावजूद अभी तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उसने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी से पूरे मामले की जांच कर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। साथ ही आरोपितों से जान-माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है।







Users Today : 20
Users Yesterday : 169