छात्रों की शिकायतों के निस्तारण को बीएचयू में बनी समन्वय समिति
सुरक्षा से लेकर छात्रावास की मेस, पेयजल और परीक्षा संबंधी मामलों पर करेगी समन्वय
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में छात्रों की शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अहम पहल की है। छात्रों की सामूहिक शिकायतों के प्रभावी एवं समन्वित निस्तारण के लिए ‘छात्र मामलों पर समन्वय समिति’ (Coordination Committee on Student Matters-CCSM) का गठन किया गया है। कुलसचिव (शिक्षण) कार्यालय की ओर से पांच अक्टूबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, कई बार छात्रों का कोई समूह विभिन्न समस्याओं अथवा मांगों को लेकर सामूहिक रूप से विश्वविद्यालय के समक्ष अपनी बात रखता है। ऐसे मामलों को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करने में यह समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कई प्रमुख मामलों पर रहेगा फोकस
समिति के दायरे में छात्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को शामिल किया गया है। इनमें परिसर की सुरक्षा, खेल मैदान, नेटवर्क कनेक्टिविटी, रखरखाव कार्य, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, उद्यानों की देखरेख और परिसर में वाहनों के संचालन से संबंधित मामले प्रमुख हैं। इसके साथ ही शैक्षणिक नियमों, परीक्षा संबंधी मामलों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतों पर भी समिति समन्वय करेगी।
छात्रावासों में मेस व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी समिति के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जा सकेंगी। इससे छात्रों की सामूहिक समस्याओं को एक व्यवस्थित मंच मिलने की उम्मीद है।
समन्वय से समाधान पर जोर
- विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य छात्रों की शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाना है। समिति विभिन्न मामलों में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के निस्तारण की दिशा में कार्य करेगी। बीएचयू प्रशासन की इस पहल से छात्र सुविधाओं से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।








Users Today : 17
Users Yesterday : 169