Home » Uncategorized » दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, सेवा संकल्प ट्रॉफी का अनावरण

दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, सेवा संकल्प ट्रॉफी का अनावरण

दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, सेवा संकल्प ट्रॉफी का अनावरण

 


नितिन नबीन बोले- दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं, अवसर मिलने पर खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे

सिगरा स्टेडियम में होगी टी-20 राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा

खेल के माध्यम से समावेशी भारत का संदेश देने की तैयारी, आयोजन समिति ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताई पूरी रूपरेखा

वाराणसी 08 अक्टूबर:–  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी में प्रस्तावित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को होटल ताज में अनावरण किया गया।

 भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। उन्हें यदि अवसर और उचित मंच मिले तो वे अपनी प्रतिभा के बल पर देश और दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। खेलों में दिव्यांग खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना को मजबूत करने का भी जरिया है। दिव्यांग खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा से समाज के सामने नई मिसाल कायम कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से उनकी प्रतिभा को पहचान मिलने के साथ ही समाज में सकारात्मक और समावेशी सोच को भी बढ़ावा मिलेगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि वाराणसी में होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना, उनके भीतर नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा करना तथा खेल के माध्यम से समावेशी भारत का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। वाराणसी में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के एकत्र होने से शहर को भी इस आयोजन के माध्यम से नया संदेश मिलेगा।

ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को प्रतियोगिता की पूरी रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी क्रिकेट प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सशक्त मंच उपलब्ध कराएगी। उन्होंने आयोजन की तैयारियों, टीमों की भागीदारी और प्रतियोगिता के उद्देश्य से संबंधित जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि दिव्यांगजन उनके साथ हैं और ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को नई ऊर्जा मिलती है।

संयोजक वीरभद्र सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज तिवारी ने दी।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *