डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर भैरव तालाब पीजी कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा

राजातालाब। डॉ. राममनोहर लोहिया पी.जी. कॉलेज भैरव तालाब में समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रखर समाज सुधारक डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक सुशील सिंह तोयज ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व, विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। प्राचार्या प्रोफेसर सुमन लता सिंह ने कहा कि डॉ. लोहिया भारतीय राजनीति के ऐसे विचारक थे जिन्होंने सामाजिक समानता, आर्थिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका मानना था कि समाज में व्याप्त असमानताओं को दूर किए बिना एक समतामूलक एवं न्यायपूर्ण राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय, समान अवसर और मानवीय गरिमा की स्थापना के लिए प्रासंगिक हैं। इस अवसर पर कहा गया कि युवाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित न रहकर सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, सामाजिक उत्तरदायित्व, समानता की भावना तथा राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। डॉ. लोहिया का जीवन युवाओं को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रबंधक तोयज़ कुमार सिंह के संरक्षण में तथा प्राचार्या प्रोफेसर सुमनलता देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जिसमें सभी प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे








Users Today : 19
Users Yesterday : 100