जनगणना के दूसरे चरण की तैयारी तेज, 135 शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
तहसीलदार राहुल सिंह बोले—राष्ट्रीय महत्व का कार्य, हर बिंदु को गंभीरता से समझें प्रशिक्षु
नौगढ़ (चंदौली)। जनगणना के द्वितीय चरण को सुचारु, पारदर्शी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को नौगढ़ स्थित जीआइसी इंटर कॉलेज में शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू हुआ। सुबह 10 बजे से आयोजित प्रशिक्षण में शिक्षकों को जनगणना की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और रिपोर्टिंग प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। दो बैच में आयोजित प्रशिक्षण में करीब 135 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए तहसीलदार राहुल सिंह ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसकी शुद्धता काफी हद तक जनगणना कर्मियों की जिम्मेदारी और सजगता पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसे प्रशिक्षण के दौरान ही दूर करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारियों को अच्छी तरह समझकर ही क्षेत्र में कार्य करें, ताकि जनगणना के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से कार्य पूरा किया जा सके।
मास्टर ट्रेनर बता रहे कार्यप्रणाली
जनगणना के मास्टर ट्रेनर बागेश कुमार, श्याम नारायण मौर्य, आलोक तिवारी, संजय राम, सुनील कुमार और सुरेश कुमार शिक्षकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षुओं को दूसरे चरण में किए जाने वाले कार्यों के साथ आवश्यक प्रक्रियाओं और निर्धारित मोबाइल एप के माध्यम से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
29 अक्टूबर से शुरू होगा दूसरा बैच
प्रशिक्षण का दूसरा बैच बृहस्पतिवार, 29 अक्टूबर से शुरू होगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद जनगणना कर्मी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में पहुंचकर संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही निर्धारित मोबाइल एप के माध्यम से कार्य की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कनौजिया ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने जनगणना अभियान को सफल बनाने में सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।








Users Today : 293
Users Yesterday : 251