बाल दिवस पर एम.जे.पब्लिक स्कूल में बाल प्रदर्शनी का आयोजन

राजातालाब।आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के हरसोस स्थित एम.जे. पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक विजय सर, व्यवस्थापक संतोष सर और प्रधानाचार्य श्याम नरेश सर ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। प्रदर्शनी में बच्चों ने विज्ञान, गणित, पर्यावरण, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सौरमंडल और भारतीय संस्कृति जैसे विषयों पर एक से बढ़कर एक मॉडल बनाकर सबका मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिनेश सिंह यादव तथा विशिष्ट अतिथि राजेश प्रजापति क्षेत्र पंचायत सदस्य ने बच्चों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन करते हुए बच्चों की सराहना की। मुख्य अतिथि दिनेश सिंह यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि बच्चों के सपनों, उनकी प्रतिभा और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों को देश का भविष्य मानते थे और आज इस प्रदर्शनी में बच्चों की रचनात्मकता देखकर यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि यही बच्चे कल देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने बच्चों से कहा कि किताबों के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, संस्कार और अनुशासन को जीवन में अपनाएं, कठिन परिश्रम से ही सफलता मिलती है। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, वैज्ञानिक सोच और नई खोज करने की प्रेरणा पैदा करते हैं। इस अवसर पर प्रबंधक विजय सर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में छिपी प्रतिभा निखरती है।
व्यवस्थापक संतोष सर ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की। प्रधानाचार्य श्याम नरेश सर ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान देना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समस्त अध्यापकगणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समस्त अध्यापकगण, अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







Users Today : 134
Users Yesterday : 94