April 15, 2026 2:46 am

धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब की जयंती, रेवसा में उमड़ी भीड़
चंदौली (रेवसा), 14 अप्रैल
ग्रामसभा रेवसा में आज भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विशेष रूप से दलित समाज के लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। पूरे क्षेत्र में खुशी और उल्लास का माहौल बना रहा।

 


कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्यमणि तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया और आज हमारा लोकतंत्र उनकी ही देन है, जो देश को मजबूत बना रहा है।
वहीं भाजपा नेता संतोष कुमार गुप्ता ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बाबा साहब का मानना था कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वह दहाड़ेगा।” उन्होंने लोगों से शिक्षित बनने और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन का नेतृत्व वरिष्ठ बसपा नेता एवं छात्र नेता अभिषेक कुमार तथा भाजपा नेता राहुल कुमार जायसवाल ने किया।

 


इसके अलावा प्रख्यात कवि एवं शिक्षक सुरेश अकेला के नेतृत्व में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बबलू उर्फ अरविंद यादव, भारत भूषण यादव, रामदयाल यादव, कलन यादव, संतोष यादव, विजय गोंड, प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र भारती, नरेंद्र गुरु, डॉ. अनिल शर्मा, सुरेश आजाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी ने बाबा साहब के विचारों को अपनाने और समाज में समानता व शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *