Chandauli News:अमृतपुर में कोहराम: पानी भरने गई वृद्धा की कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत
सुनील कुमार
चंदौली
Chandauli News:जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के अमृतपुर गांव में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी।58 वर्षीय फूलमती देवी, जो अपने गांव से कुछ दूरी पर स्थित पाही पर खेती करती थीं, कुएं से पानी लेने के दौरान दुर्भाग्यवश उसमें गिर गईं।
इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
रोजाना की तरह गई थीं पानी भरने
जानकारी के अनुसार, फूलमती देवी रोजाना की तरह शनिवार सुबह अपने खेत पर स्थित कुएं से पानी भरने गई थीं। वह अक्सर अकेले ही पाही पर रहकर खेती का काम देखती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,जैसे ही वह कुएं के पास पहुंचीं, उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुएं में जा गिरीं।
राहगीरों ने तुरंत दिखाई मानवता
घटनास्थल के पास ही कुछ ग्रामीण एक आम के बगीचे में आम तोड़ रहे थे। उन्होंने महिला को गिरते हुए देखा तो तुरंत दौड़कर कुएं के पास पहुंचे। बिना समय गवाएं ग्रामीणों ने एकजुट होकर वृद्धा को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई और उनकी मदद से फूलमती देवी को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में मृत घोषित
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद फूलमती देवी को मृत घोषित कर दिया। इस खबर से उनके परिजनों और पूरे गांव में मातम छा गया। सूचना मिलते ही नौगढ़ थाने के थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
परिवार में पसरा शोक
मृतका फूलमती देवी के परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं, जो सभी विवाहित हैं।अपनी मां की असामयिक मृत्यु की खबर सुनकर सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
8:11 PM
