अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एनएचएआई क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी में आयोजित हुआ सामूहिक योग सत्र
वाराणसी, 21 जून 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी में सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ पीआईयू वाराणसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त, वाराणसी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एनएचएआई की विभिन्न परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों (PIUs) में भी योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान नियमित योगाभ्यास से शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन तथा सकारात्मक जीवनशैली को मिलने वाले लाभों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज विश्वभर में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनी पहचान बनाई है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से एकाग्र तथा कार्य के प्रति अधिक समर्पित बनाता है।
एनएचएआई अपने कार्यस्थलों पर स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में आयोजित यह योग सत्र कर्मचारियों के समग्र स्वास्थ्य, कार्यक्षमता एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा “स्वस्थ कर्मी, सुरक्षित राजमार्ग और सशक्त राष्ट्र” के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर पीआईयू वाराणसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरुण कुमार, मैनेजर (टेक्निकल) वरुण कुमार, प्लांटेशन एसोसिएट दीपक ओमकारनाथ, साइट इंजीनियर संजय जटारिया, रुद्र प्रताप बेहरा, शिवजीत सिंह राणा पर्यावरण सहयोगी निखिल प्रियदर्शनी साइट इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








Users Today : 58
Users Yesterday : 25