पहचान का संकट खड़ा करने वालों को अब दुत्कारती है जनताः मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने हमीरपुर में 636 करोड़ से अधिक की लागत से 75 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाती थी, लेकिन मोहर्रम व ईद पर सड़कों पर उद्दंडता करने को प्रोत्साहित करती थी सपाः सीएम योगी
अब कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल पर नहीं खर्च होता सरकार का पैसाः मुख्यमंत्री

हमीरपुर, 21 जूनः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश नहीं, बल्कि वे लोग पहचान के लिए मोहताज हैं, जिन्होंने यूपी को बीमारू बनाया था। आज उन सबके सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया है। जनता अब उन्हें दुत्कारती है, भगाती है। उन्हें भाव नहीं देती। जनता ने कमल के फूल पर वोट देकर हमीरपुर व राठ में भाजपा को जिताया तो सुरक्षा, हर घर नल, एक्सप्रेसवे समेत अनेक योजनाएं व नवाचार हो रहा है। सीएम ने बुंदेलखंड वासियों से अपील की कि माफिया के सरपरस्तों को दोबारा आने नहीं देना है। इन्हें पहचान के लिए मोहताज कराना है। जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर विभाजित नही होना है और विकास, विरासत, आस्था, अर्थव्यवस्था के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ाना है।
सीएम ने स्वामी ब्रह्मानंद डिग्री कॉलेज, राठ में 636 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। यहां हमीरपुर के विकास को समर्पित लघु फिल्म भी दिखाई गई।
यमुना व बेतवा के संगम वाला जनपद 9 वर्ष पहले पानी के लिए तरसता था
सीएम ने कहा कि 9 वर्ष पहले बुंदेलखंड की कनेक्टिविटी ठीक नहीं थी। सड़कें गड्ढों में तब्दील थीं। माताएं-बहनें मिट्टी का घड़ा सिर पर लेकर पानी ढोने में जिंदगी गुजार देती थीं। यमुना व बेतवा के संगम वाला हमीरपुर पानी और यहां का नौजवान पहचान के लिए तरसता था। बालू, खनन, भूमाफिया गरीबों का शोषण करते थे। देश में लोग यूपी वालों को शक की निगाहों से देखते थे।
दुनिया के सामने योग दिवस पर फिर प्रस्तुत हुई भारत की पहचान
सीएम ने कहा कि 12 वर्ष में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत बदला है। आज सुबह लगभग 100 देश के लाखों लोग योग से जुड़े थे। इससे वर्तमान-अतीत गौरवान्वित व भविष्य प्रफुल्लित होता दिख रहा था। पीएम मोदी ने 12वें योग दिवस पर भारत की पहचान को फिर दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। मोदीजी ने कुंभ को भी मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता दिलाई।
जातिवाद की राजनीति करने वालों ने सिर्फ परिवार का पेट भरा
सीएम ने कहा कि जातिवाद की राजनीति करने वालों ने सत्ता में आने पर सिर्फ परिवार का पेट भरा। मोदी जी के लिए 140 करोड़ का भारत व हमारे लिए 25 करोड़ का प्रदेश ही परिवार है। हमने दिखाया कि जनता के हित के लिए कार्य करना, योजना बनाना और प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से काम होता है तो परिणाम आने में देर नहीं लगती।
ब्रह्मोस मिसाइल दागी गई तो पाकिस्तान जान की भीख मांगने लगा
2017 में सीएम बनने के बाद जब बुंदेलखंड आया तो लोगों ने यहां की खराब कनेक्टिविटी से अवगत कराया। तब मैंने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की बात कही, आज यह परियोजना पूरी भी हो गई। अब उत्तर प्रदेश में ही गोला-बारूद, तोप-मिसाइल बन रहा है। लखनऊ में बना ब्रह्मोस मिसाइल ऑपरेशन सिंदूर में जब पाकिस्तान पर दागा गया तो वह जान की भीख मांग रहा था।
पहले सिर्फ सैफई को ध्यान में रखकर योजनाएं बनती थीं, अब सभी जनपदों का रखा जाता है ध्यान
सीएम ने कहा कि हर घर जल की योजना अब बहन-बेटियों को राहत दे रही है। महिला स्वयंसेवी समूह बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर, ड्रोन दीदी, लखपति दीदी, बीसी सखी के रूप में पहचान बना रही है। पुलिस भर्ती में अब बुंदेलखंड, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन, झांसी के नौजवान भी भर्ती होते हैं। पहले ऐसा नहीं होता था, क्योंकि योजनाएं सिर्फ सैफई को ध्यान में रखकर बनती थीं। आज पूरे प्रदेश को ध्यान में रखकर सिंचाईं, पेयजल, कनेक्टिविटी आदि योजनाएं बन रही हैं। नए एयरक्रॉफ्ट आने के बाद जब चित्रकूट से वायुसेवा प्रारंभ होगी तो बुंदेलखंड में बेहतरीन एयर कनेक्टिविटी दिखेगी। अब ट्रेन की नई सुविधाएं दिख रही हैं।








Users Today : 1
Users Yesterday : 55