सामने घाट पर स्वच्छता ही सेवा अभियान- ‘स्वच्छता’ ही स्वस्थ और शान्तिपूर्ण जीवन का मूल मंत्र”
काशी की उत्तरवाहिनी गंगा का 85वां पक्का घाट सुबह से स्वच्छता का आगाज होने से खिलखिला रहा था। सामने घाट के गंगा तट पर आरती के बाद आमजन ने नमामि गंगे टीम का स्वच्छता में सहयोग भी किया। महिलाओं ने भी अभियान में सहभागिता निभाई । नमामि गंगे के स्वच्छता मिशन सबका साथ हो – गंगा साफ हो अभियान के लिए नमामि गंगे टीम सुबह पांच बजे सामने घाट पहुंची।
सफाई के लिए नागरिकगण भी इंतजार करते मिले। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान का आगाज किया। इस दौरान सामने घाट पर उपस्थित नागरिकों ने भी सफाई में साथ निभाया तो स्वच्छता का रथ बढ़ता ही चला गया। गंगा तट पर बिखरे कचरे को एकत्र किया तो उसे बाहर तक भी पहुंचाया गया। गंदगी के साफ होने के बाद सामने घाट का अलौकिक परिसर चमकने लगा। लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर सफाई के इस अभियान को सदैव बरकरार रखने का संकल्प लिया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनजीवन में नदियों का महत्व इसी से जाना जा सकता है कि धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक, व्यापारिक, पर्यटन, स्वास्थ्य, कृषि, शैक्षिक, औषधि, पर्यावरण और न जाने कितने क्षेत्र हैं जो हमारी नदियों से सीधे-सीधे जुड़े हुए हैं। नदियों का संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है । इस मौके पर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला, सुभाष श्रीवास्तव, उषा सिंह, महेंद्र तिवारी, सुषमा कौशिक, राम सिंह, आदि ने सहभागिता निभाई।








Users Today : 38
Users Yesterday : 38