लखनऊ में शहीद पथ पर बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर
शहीदपथ पर एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक बनेगा 23 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले-योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों पर
योगी सरकार की कानून व्यवस्था और विकास मॉडल की सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की सराहना
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गिनाईं यूपी में भावी योजनाएं

लखनऊ, 13 जुलाई। लखनऊ में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए शहीद पथ पर बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साकार होने जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कहने पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक लगभग 23 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। नितिन गडकरी ने कहा कि इस वर्ष दिसंबर तक भूमि पूजन कर परियोजना का निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। दोनों वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों ने योगी सरकार की कार्यशैली की खुलकर सराहना की।
सोमवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4,850 करोड़ रुपये से अधिक की 3 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
शहीदपथ पर वाहन चालकों को जाम से मिलेगी राहत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र सरकार थी, तब उनके सड़क परिवहन मंत्री रहते हुए शहीद पथ का शिलान्यास हुआ था। आज यही शहीद पथ लखनऊ की लाइफलाइन बन चुका है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए अब इसके ऊपर एलिवेटेड रोड बनाना समय की आवश्यकता है, जिससे वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य में इसी कॉरिडोर पर मेट्रो भी संचालित की जाए, ताकि लोगों को तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।
तीन लेयर फ्लाईओवर बनेगा दुनिया के आकर्षण का केंद्र
नितिन गडकरी ने कहा कि लखनऊ में प्रस्तावित तीन लेयर एलिवेटेड फ्लाईओवर विश्व स्तर पर आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस परियोजना में आधुनिक मास रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे सड़क और सार्वजनिक परिवहन दोनों को मजबूती मिलेगी। किसी भी राज्य के विकास की नींव मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर होती है। पानी, बिजली, परिवहन और संचार व्यवस्था बेहतर होने से उद्योग, व्यापार और निवेश बढ़ता है, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और गरीबी व बेरोजगारी कम होती है।
लखनऊ-सीतापुर सिक्स लेन हाईवे सहित कई परियोजनाओं को मिली मंजूरी
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि लखनऊ से सीतापुर तक प्रस्तावित छह लेन राजमार्ग को भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तत्काल स्वीकृति दे दी है और जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू होने की उम्मीद है। वहीं नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 50 से 60 हजार करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। अगले दो वर्षों में प्रदेश में लगभग पांच लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। नितिन गडकरी ने कहा कि लखनऊ के किसान पथ पर सर्विस रोड बनाई जाएगी। इसके अलावा अयोध्या-गोंडा बाईपास, आनंदनगर-महराजगंज बाईपास, पडरौना-तमकुही बाईपास तथा दादरी-लालकुआं छह लेन एलिवेटेड रोड जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
इनसेट
रक्षा मंत्री और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी की सराहना की
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का विकास पूरे देश में चर्चा का विषय है। किसी भी प्रदेश के विकास की पहली शर्त मजबूत कानून व्यवस्था होती है और योगी सरकार ने यह स्थापित करके दिखाया है। लखनऊ के विकास से जुड़े हर प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया और आने वाले समय में लखनऊ के आसपास बड़े उद्योग स्थापित होंगे।
यूपी में सीएम योगी ने समाप्त किया गुंडाराजः नितिन गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत कर लोगों का विश्वास जीता और गुंडाराज को समाप्त किया। किसी भी देश और राज्य के विकास में चार बातें महत्वपूर्ण होती हैं। सबसे पहली आवश्यकता मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर की होती है। इंफ्रास्ट्रक्चर के चार प्रमुख आधार हैं वाटर, पावर, ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन, जहां ये चारों व्यवस्थाएं मजबूत होती हैं, वहां व्यापार, उद्योग और कारोबार तेजी से बढ़ते हैं। इसके साथ ही पूंजी निवेश आता है। जहां व्यापार, उद्योग और निवेश बढ़ता है, वहां रोजगार का सृजन होता है और जहां रोजगार का निर्माण होता है, वहां गरीबी, भुखमरी और बेरोजगारी स्वतः दूर हो जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तेजी से विकास हुआ है।
रोजगार की नई राह खोल रही योगी सरकार, गन्ना विभाग का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
शिक्षकों को बनाया जाएगा ‘मास्टर ट्रेनर’, युवाओं के भविष्य को संवारने की बड़ी पहल
आधुनिक तकनीकी शिक्षा से रोजगार के अवसर होंगे मजबूत, वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार होंगे छात्र

लखनऊ, 13 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा और आधुनिक कौशल से जोड़ने की दिशा में लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में गन्ना विकास विभाग और वाधवानी फाउंडेशन की सहयोगी संस्था स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क (एसडीएन) के संयुक्त तत्वावधान में लखनऊ स्थित लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान में 13 से 15 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य गन्ना विकास विभाग की सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से संचालित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें ‘मास्टर ट्रेनर’ के रूप में तैयार करना है। इसके माध्यम से शिक्षक अपने संस्थानों में विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल शिक्षा प्रदान करेंगे, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
बेटियों को भी आत्मनिर्भर बनाने की पहल
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की आयुक्त मिनिस्ती एस ने कहा कि योगी सरकार का लक्ष्य युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना और उनके कौशल का निरंतर विकास करना है। इसी सोच के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत छात्राओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, रोजगारपरक शिक्षा और वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेंगे। इससे ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के युवाओं को भी बेहतर रोजगार एवं करियर के अवसर मिलेंगे। यह पहल योगी सरकार की उस नीति को मजबूत करती है, जिसके तहत शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार को एक साथ जोड़कर प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अपर गन्ना आयुक्त (प्रशासन) अभिषेक आनंद, अपर गन्ना आयुक्त (विकास) वी.के. शुक्ल, अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) डॉ. वी.बी. सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







Users Today : 14
Users Yesterday : 77