विधायक व पूर्व मंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय स्वच्छता अभियान का हुआ शुभारंभ
19 जुलाई से 2 अक्टूबर तक विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी करेंगे वार्डों में प्रवास, चलाएँगे स्वच्छता अभियान
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा ने किया शुभारंभ, स्वच्छता अभियान में हुए शामिल
घर-घर संवाद, जन समस्याओं का समाधान और स्वच्छता का संदेश लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को घर-घर तक पहुंचाएगा यह अभियान-नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को बनाया जनआंदोलन-मंत्री ए.के.शर्मा
काशी का अभूतपूर्व विकास प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व की पहचान, एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा देश का मॉडल-ए.के.शर्मा
स्वच्छता मोदी जी के लिए सबसे पहली प्राथमिकता- ए.के. शर्मा
प्रवास में क्षेत्रीय लोगों सहित शामिल हुए जनपद के अधिकारीगण

वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा में 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान का शुभारंभ रविवार को हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा रहे।
76 दिवसीय कार्यक्रम में रविवार को प्रथम दिवस की शुरुआत सूर्यकुंड वार्ड से हुई। वार्ड में प्रातः पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने प्रवास कर स्वच्छता अभियान चलाया। उक्त अभियान में मुख्य अतिथि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा रहे। साथ में पूरे कार्यक्रम में विशेष रूप से गुजरात के अमराईवाड़ी के पूर्व विधायक जगदीश पटेल भी उपस्थित रहे। नगर विकास मंत्री ए.के.शर्मा ने विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी संग वार्ड के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर साफ़ सफाई की व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही गलियों एवं सूर्य कुण्ड पर स्वच्छता अभियान चलाया। भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने राह में मिलने वाले लोगों का कुशलक्षेम पूछते नज़र आए। कुछ लोगों ने विधायक से बिजली पोल लगे केबिल के जंजालों के संदर्भ में शिकायत की। उन्होंने मौके पर साथ चल रहे नगर निगम एवं बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल उक्त समस्या का समाधान करने हेतु निर्देशित किया।
इसके अलावा कई जगह मलबे का ढेर देख उसे भी हटाने का निर्देश दिया। काफ़ी जगह सीवर के चैम्बर, नाली एवं गली पीट भी टूटे हुए मिले। विधायक ने सामान्य विभाग एवं जल संस्थान के संबंधित अधिकारियों को दुरुस्त करने हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही कई जगह मार्ग पर लगे पत्थर भी टूटे मिले, जिसे तत्काल सही करने हेतु निर्देशित किया।
इसके बाद विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने मुख्य अतिथि ए.के.शर्मा एवं जगदीश पटेल संग, सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रांगण में वृक्षारोपण किया।
तत्पश्चात् सूर्य कुंड वार्ड में आयोजित सभा में लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा की समस्या छोटी हो या बड़ी, सभी का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ए.के.शर्मा ने विधायक नीलकंठ तिवारी की तारीफ़ करते हुए कहा कि, इस तरह के कार्यों से अन्य जनप्रतिनिधियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। सुबह-सुबह वार्ड प्रवास करने से क्षेत्र की छोटी-छोटी समस्या तो दूर होंगी ही, साथ ही साथ जनसंपर्क के माध्यम जनता से सीधे जुड़ने का अवसर भी मिलता है। मंत्री ए.के.शर्मा ने कहा कि भारत के इतिहास में स्वच्छता को सबसे अधिक महत्व देने वाले दो महान व्यक्तित्व हैं—राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने स्वयं काशी की गलियों में झाड़ू लगाकर पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया और स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी ने विकास का एक नया अध्याय लिखा है। आज काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट, रिंग रोड, अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम, रोपवे, बनास डेयरी सहित अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं अथवा तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने सनातन काशी की गरिमा, विरासत और विकास को इतनी प्राथमिकता दी है। काशी सहित पूरा देश उनके दूरदर्शी नेतृत्व से लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड प्रवास कार्यक्रम केवल एक स्वच्छता अभियान ही नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। इसके जरिए नागरिकों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका समाधान कराया जाएगा तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इसके बाद विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने चौपाल लगाकर क्षेत्र के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ-साथ ही केंद्रिय एवं राज्य योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर उनका कुशलक्षेम जाना।
बताते चलें कि 76 दिवसीय इस वार्ड प्रवास कार्यक्रम के दौरान विधानसभा के अलग-अलग वार्डों में प्रतिदिन यह आयोजन किया जाएगा। पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी एक दिन में एक वार्ड में प्रवास करेंगे। प्रवास के दौरान जनसंपर्क कर जनता का हाल जानेंगे तथा स्वच्छता अभियान चलाएँगे। पर्यावरण संतुलन के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही प्रत्येक दिवस प्रत्येक वार्ड में 5 पौध का पौधारोपण भी करेंगे।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त, ज़ोनल अधिकारी, नगर निगम के तमाम अधिकारी, महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, आत्मा विशेश्वर, साधना वेदांती, दिलीप साहनी, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह, तारकेश्वर गुप्ता पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल जी गुप्ता, पार्षद अनंत राज गुप्ता, पार्षद श्रवण गुप्ता, पार्षद मनीष गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग प्रमुख रूप से जनता उपस्थित रहें।








Users Today : 4
Users Yesterday : 68