काशी से फुल सर्विस एयरलाइन की विदाई: क्या धार्मिक राजधानी के साथ न्याय हो रहा है?
वाराणसी। देश की आध्यात्मिक राजधानी काशी आज विकास, पर्यटन और वैश्विक पहचान के नए शिखर छू रही है। श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ी है। ऐसे समय में यदि वाराणसी से फुल सर्विस एयरलाइन की सेवाएं समाप्त हो जाती हैं, तो यह केवल विमानन क्षेत्र का व्यावसायिक फैसला नहीं, बल्कि देश के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक शहरों में से एक की हवाई पहचान पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

कुछ वर्ष पहले तक वाराणसी देश के प्रमुख महानगरों के साथ-साथ कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से भी सीधे जुड़ा हुआ था। एयर इंडिया, जेट एयरवेज और किंगफिशर जैसी फुल सर्विस एयरलाइंस यहां नियमित सेवाएं देती थीं, जबकि शारजाह, बैंकॉक, कोलंबो और कुआलालंपुर जैसी उड़ानों ने काशी को वैश्विक स्तर पर भी बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान की थी। कोविड-19 महामारी के बाद यह नेटवर्क लगातार सिमटता गया और सूत्र बताते है कि अब स्थिति यह है कि शहर में फुल सर्विस एयरलाइन की मौजूदगी भी समाप्त होने की कगार पर है।
एयर इंडिया और विस्तारा के विलय के बाद एयर इंडिया समूह अपने परिचालन को नए सिरे से व्यवस्थित कर रहा है। इसके तहत कई शहरों के रूट एयर इंडिया एक्सप्रेस को सौंपे जा रहे हैं और एयर इंडिया का फोकस बड़े महानगरों व लंबी दूरी की उड़ानों पर केंद्रित किया जा रहा है। कारोबारी दृष्टि से यह निर्णय उचित माना जा सकता है, लेकिन वाराणसी जैसे शहर का मूल्यांकन केवल व्यावसायिक पैमानों पर करना शायद पर्याप्त नहीं होगा।
काशी की पहचान केवल एक पर्यटन स्थल तक सीमित नहीं है। यह सनातन संस्कृति, आस्था, अध्यात्म और भारतीय सभ्यता का सबसे बड़ा केंद्र है। यहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु, विदेशी पर्यटक, शोधार्थी और प्रवासी भारतीय पहुंचते हैं। ऐसे शहर में फुल सर्विस एयरलाइन का अभाव यात्रियों की सुविधा से कहीं अधिक, भारत की वैश्विक पर्यटन छवि को भी प्रभावित कर सकता है।
आज जब देश धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और भारत को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब वाराणसी जैसे शहर में राष्ट्रीय स्तर की फुल सर्विस एयरलाइन की उपस्थिति स्वाभाविक रूप से अपेक्षित मानी जाती है। एयर इंडिया केवल एक एयरलाइन नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान का भी प्रतीक है। इसलिए काशी जैसे शहर से उसका जुड़ाव विशेष महत्व रखता है।
यह लेख किसी एयरलाइन की व्यावसायिक नीतियों का विरोध नहीं करता, बल्कि यह सुझाव देता है कि नेटवर्क विस्तार और पुनर्गठन के दौरान वाराणसी जैसे शहरों के धार्मिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक महत्व को भी समान प्राथमिकता दी जाए। यदि व्यावसायिक हितों और राष्ट्रीय महत्व के बीच संतुलन बनाया जाता है, तो यह न केवल यात्रियों के हित में होगा, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और पर्यटन नीति को भी नई मजबूती देगा।
काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। ऐसे शहर से फुल सर्विस एयरलाइन का रिश्ता समाप्त होना भविष्य की दृष्टि से एक ऐसा निर्णय हो सकता है, जिस पर पुनर्विचार की आवश्यकता महसूस की जाए।








Users Today : 5
Users Yesterday : 92