बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, चौकियों पर शिफ्टवार ड्यूटी के निर्देश
वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई।
बताया गया कि गंगा का जलस्तर करीब 68 मीटर है और इसमें पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से वृद्धि हो रही है। गंगा का वार्निंग लेवल 70.262 मीटर, डेंजर लेवल 71.262 मीटर और एचएफएल 73.901 मीटर है। जिलाधिकारी ने संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने तथा वहां स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, राजस्व विभाग समेत अन्य विभागों के कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने को कहा। नावों और बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए। राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, प्रकाश और चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। ढाब क्षेत्र में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा व भूसा उपलब्ध कराने तथा बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाने को कहा। पूर्व में दुर्घटनाओं वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा.) सदानंद गुप्ता, एसडीएम सदर नितिन सिंह, कमांडेंट एनडीआरएफ, जल पुलिस समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे।








Users Today : 19
Users Yesterday : 72