आराजी लाइन बीआरसी पर रसोइयों का सम्मान, मानदेय वृद्धि पर जताई खुशी

राजातालाब। ब्लॉक संसाधन केंद्र आराजी लाइन पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों का सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव की मौजूदगी में सबसे पहले लखनऊ के इंदिरा भवन में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित रसोइया सम्मान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। प्रसारण में मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, दुर्घटना बीमा और कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ देने की घोषणा को दिखाया गया।इसके बाद मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एबीएसए शशिकांत श्रीवास्तव ने मानदेय वृद्धि पर रसोइयों को शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने सभी रसोइयों से जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।कार्यक्रम में विभिन्न न्याय पंचायतों से सैकड़ों रसोइयों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि और खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने 6 रसोइयों को प्रतीकात्मक चेक, कैशलेस कार्ड और साड़ी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेंद्र यादव और संचालन अरविंद सिंह ने किया।








Users Today : 10
Users Yesterday : 101