

400 नई पुस्तकों के साथ प्रदर्शनी में शामिल हुआ पंडित मदन मोहन मालवीय का संपूर्ण वाङ्मय
वाराणसी: शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय), वाराणसी में आयोजित किए जा रहे हिंदी माह के अंतर्गत सोमवार को श्रीनिवास देशपांडे ग्रंथालय में हिंदी पुस्तकों की विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं संस्थान के सदस्यों को हिंदी साहित्य एवं ज्ञान-विज्ञान से संबंधित नवीन पुस्तकों से परिचित कराना है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन निदेशक-प्रभारी प्रो. एन. के. मुखोपाध्याय ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव श्री सुमित कुमार बिस्वास, प्रोफेसर इंचार्ज, लाइब्रेरी प्रो. सेथिंल राजा ए., प्रो. ए. के. त्रिपाठी, प्रो. के. के. सिंह, उप कुलसचिव श्री रवि कुमार, श्री सुधांशु शुक्ला, डॉ. अमित कुमार सिंह, मेजर निशा बलोरिया, हिंदी अनुवादक श्री शशांक पाठक सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्रदर्शनी में हिंदी की लगभग 400 नई एवं महत्वपूर्ण पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं। इनमें साहित्य, संस्कृति, इतिहास, दर्शन, समाज एवं अन्य विविध विषयों से संबंधित पुस्तकें शामिल हैं। साथ ही, ज्ञानपीठ पुरस्कार एवं सरस्वती सम्मान से पुरस्कृत कृतियों को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया है।
प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण ‘पंडित मदन मोहन मालवीय सम्पूर्ण वाङ्मय’ है। महामना मालवीय मिशन, नई दिल्ली द्वारा संकलित एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रकाशित संपूर्ण वाङ्मय के सभी 12 खंडों को प्रदर्शनी में रखा गया है। इन खंडों में महामना के जीवन, विचारों, लेखन एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े उनके व्यापक योगदान को समाहित किया गया है। विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों में इन पुस्तकों को लेकर विशेष उत्साह और रुचि देखने को मिल रही है।
आईआईटी (बीएचयू) में हिंदी माह के अंतर्गत आयोजित यह प्रदर्शनी न केवल हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति विद्यार्थियों में रुचि बढ़ाने का माध्यम बन रही है, बल्कि महामना मालवीय के विचारों और उनकी समृद्ध विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
© 2025 Live up web – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffictail
WhatsApp us