Home » उत्तर प्रदेश » काशी से वडनगर तक गूंजा ‘सेवा संकल्प’, 250 बाइकों पर निकली यात्रा राजनाथ बोले- आज दुनिया के मंच पर भारत की बातों को कान खोलकर सुना जाता है; योगी ने कहा- 25 वर्षों की सेवा यात्रा का साक्षी बन रहा विश्व वाराणसी।

काशी से वडनगर तक गूंजा ‘सेवा संकल्प’, 250 बाइकों पर निकली यात्रा राजनाथ बोले- आज दुनिया के मंच पर भारत की बातों को कान खोलकर सुना जाता है; योगी ने कहा- 25 वर्षों की सेवा यात्रा का साक्षी बन रहा विश्व वाराणसी।

काशी से वडनगर तक गूंजा ‘सेवा संकल्प’, 250 बाइकों पर निकली यात्रा

राजनाथ बोले- आज दुनिया के मंच पर भारत की बातों को कान खोलकर सुना जाता है; योगी ने कहा- 25 वर्षों की सेवा यात्रा का साक्षी बन रहा विश्व

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को उनकी कर्मभूमि काशी से जन्मभूमि वडनगर तक ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ हुआ। रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में आयोजित समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने 250 बाइकों पर सवार 500 यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा का उद्देश्य काशी और वडनगर के साथ देश के विभिन्न हिस्सों को सेवा, विकास और राष्ट्रीय एकता के संकल्प से जोड़ना बताया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

‘आज दुनिया भारत की बात सुनती है’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जीवन को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है। काशी से वडनगर तक निकलने वाली यह यात्रा उनकी कर्मभूमि और जन्मभूमि को जोड़ने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वडनगर के संस्कार, काशी की सेवा और यात्रा की साधना एक साथ जुड़ रही है।

उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को कान खोलकर सुना जाता है। मुद्रा योजना, स्किल इंडिया, महिला सशक्तीकरण और स्वदेशी उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं और महिलाओं को नए अवसर मिले हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी की सिल्क और चंदौली के काला चावल जैसे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले और उसके बाद के भारत में बदलाव को देखा जा सकता है। उनके अनुसार भारत अब रक्षा सामग्री का 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सत्ता को अधिकार के रूप में नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम के रूप में देखा है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में भागीदारी का आह्वान किया।

योगी बोले- दुनिया देख रही मोदी की 25 वर्ष की सेवा यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के देशों से आंख से आंख मिलाकर बात कर सकता है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों का परिणाम है।

योगी ने कहा कि सामान्य परिवार में जन्म लेकर नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक का सफर तय किया और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा पूरी की। आज उनकी सेवा यात्रा को पूरा विश्व देख रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में आत्मनिर्भरता की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। आवास, शौचालय, उज्ज्वला, बिजली, पानी और बैंकिंग जैसी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विकास की योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचा है।

उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर और प्रयागराज महाकुंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि नया भारत आधुनिक विकास के साथ अपनी विरासत को भी साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।

योगी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ पूरी ऊर्जा के साथ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने 20 दिनों तक चलने वाली यात्रा में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और जनता से संवाद कायम करने पर जोर दिया।

चंद्रबाबू नायडू बोले- काशी ऊर्जा की नगरी

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि काशी केवल विश्व की प्राचीन नगरी ही नहीं, बल्कि ऊर्जा की नगरी भी है। उन्होंने कहा कि काशी ने देश को ऐसा नेतृत्व दिया है जिसकी सोच वैश्विक स्तर की है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तकनीक के उपयोग, डिजिटल व्यवस्था, किसान सम्मान निधि, कोविड टीकाकरण और बुनियादी ढांचे के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत बदल रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

नायडू ने कहा कि महिलाओं के लिए विधानसभाओं और संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था जल्द लागू होने की उम्मीद है। उन्होंने वन नेशन-वन राशन कार्ड के बाद वन नेशन-वन इलेक्शन की दिशा में आगे बढ़ने की बात भी कही।

उन्होंने कहा, ‘‘राइट टाइम, राइट लीडर, राइट वर्क इज नरेंद्र मोदी।’’ उन्होंने सेवा संकल्प यात्रा को ऐतिहासिक यात्रा बताते हुए कहा कि देश को विकसित भारत और एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।

चिराग ने कहा- युवाओं को मोदी से सीखने की जरूरत

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिन-रात कार्य करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को साधने में जुटे हैं। युवाओं को उनके कार्य और संकल्प से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारतीयों का सम्मान बढ़ा है और भारतीय संस्कृति की पहचान भी व्यापक हुई है।

पंकज चौधरी ने बताया यात्रा को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प

केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि काशी से वडनगर तक की यात्रा केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का प्रयास है।

यात्रा के मार्ग में प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।

बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक, स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान

कार्यक्रम से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और पंकज चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

मंदिर परिसर में बटुकों और तीर्थ पुरोहितों को अंगवस्त्रम एवं दक्षिणा देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ धाम की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले स्वच्छता प्रहरियों को भी सम्मानित किया गया।

इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धालुओं और अन्य लोगों की मौजूदगी में केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना कर उनके स्वस्थ जीवन की कामना करना सभी के लिए सौभाग्य का अवसर है।

सेवा संकल्प के 25 वर्षों की चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर परिसर में सूचना विभाग की ओर से ‘सेवा संकल्प यात्रा अभियान : जनसेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ विषय पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और उसका अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और विभिन्न अभियानों से जुड़े चित्रों को प्रदर्शित किया गया।

500 यात्री, 250 बाइकें बनीं यात्रा का हिस्सा

कार्यक्रम के अंत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और पंकज चौधरी ने काशी से वडनगर जाने वाली बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में 250 बाइकों पर 500 यात्री शामिल रहे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन और उनके सार्वजनिक कार्यों से जुड़े पहलुओं पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टांप एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, आयुष राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सहकारिता राज्यमंत्री जेपीएस राठौर, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • सभा का संचालन भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने किया।
Varsha Kesari
Author: Varsha Kesari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कैंट थाने के निरीक्षण में पुलिस आयुक्त ने कसी व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं के जल्द निस्तारण के निर्देश थाना गोद लेने की पहल से होगी पुलिसिंग की नियमित निगरानी, महिला सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक पर दिए निर्देश वाराणसी ।