बिंदु माधव वार्ड में 63वें दिन पहुंचा नीलकंठ तिवारी का वार्ड प्रवास
लटकते बिजली के तारों को लेकर जताई नाराजगी, सफाई और सीवर की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान लगातार जारी है। अभियान के 63वें दिन शनिवार को डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बुलानाला स्थित सुधिया क्षेत्र के बिंदु माधव वार्ड में पहुंचकर गलियों का भ्रमण किया और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।
वार्ड में पहुंचने पर स्थानीय पार्षद कनक लता मिश्रा के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक भी उनके साथ रहे। भ्रमण के दौरान लोगों ने सफाई, सीवर, सड़क और बिजली से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। कई गलियों में कूड़े का ढेर और सीवर जाम की स्थिति देखकर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान घरों से लटकते बिजली के तारों की स्थिति देखकर विधायक खासे नाराज नजर आए। उन्होंने मौके पर ही बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर समस्या को गंभीरता से लेते हुए तारों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खुले और लटकते तारों के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल की जाए।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने स्थानीय नागरिकों से उनकी समस्याओं के बारे में सीधे जानकारी ली और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्ड प्रवास का उद्देश्य केवल क्षेत्र का भ्रमण करना नहीं, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।
इस दौरान क्षेत्रीय नागरिकों में भी उत्साह देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने “स्वच्छ काशी-सुंदर काशी” तथा “हमारा विधायक कैसा हो, नीलकंठ तिवारी जैसा हो” के नारे लगाए।
कार्यक्रम में मंडल मंत्री सुनील यादव, मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, पूर्व मंडल अध्यक्ष नलिन नयन मिश्र, पार्षद कनकलता मिश्रा, विष्णु यादव, अंकुर मेहरोत्रा, पंकज चतुर्वेदी, दिलीप साहनी, गुरुदयाल राजभर समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।







Users Today : 37
Users Yesterday : 59